होम = Breaking = ललित मोदी का BCCI पर बड़ा आरोप, कहा- बोर्ड की वजह से IPL टीमों को ₹1,200 करोड़ का नुकसान

ललित मोदी का BCCI पर बड़ा आरोप, कहा- बोर्ड की वजह से IPL टीमों को ₹1,200 करोड़ का नुकसान

Franchise owners missing out on Revenue: आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी बीसीसीआी पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने क्रिकेट बोर्ड पर अनुबंधीय दायित्वों को पूरा न करने की बात कही है। उनके मुताबिक आईपीएल की टीमों को करीब ₹1,200 करोड़ का नुकसान हो रहा है। आईपीएल के संस्थापक रहे ललित मोदी का कहना है कि लीग को एक स्वतंत्र इकाई के रूप में तैयार किया गया था, जहां टीम मालिकों को अधिक नियंत्रण मिलना था, लेकिन इस मॉडल को अव्यावहारिक बताकर खारिज कर दिया गया। उनका मानना है कि यदि बोर्ड अपनी मुख्य अनुबंधीय प्रतिबद्धताओं का पालन करता, तो इससे लीग और टीमों दोनों को अधिक फायदा होता।

डबल राउंड रॉबिन फॉर्मेट में लीग नहीं होने का आरोप

ललित मोदी ने कहा कि बीसीसीआई अपने नियंत्रण का इस्तेमाल कर फ्रेंचाइजी को वह अधिकार नहीं दे रहा, जिसकी मूल रूप से योजना बनी थी। IPL को डबल राउंड रॉबिन प्रारूप में खेलने के लिए तैयार किया गया था, जिसमें हर टीम एक-दूसरे से घर और बाहर मुकाबला करती।

1200 करोड़ में से टीमों को मिलता था लाभ

आईपीएल को लेकर ललित मोदी ने कहा कि इन ₹1,200 करोड़ में से 10 टीमों को सीधा लाभ मिलता, यानी हर टीम को करीब ₹120 करोड़ का फायदा होता और इससे टीमों की वैल्यू अपने आप बढ़ जाती। दुनियाभर में नई टी20 लीग्स के आने के बावजूद उन्होंने आईपीएल की बादशाहत को बरकरार बताया और कहा कि इसे कोई खतरा नहीं है। साथ ही उनका मानना है कि वनडे क्रिकेट का दौर अब खत्म हो चुका है और 50 ओवर के इस प्रारूप को बंद कर देना चाहिए।

ललित मोदी ने टेस्ट और वनडे पर क्या कहा

मोदी ने अपने इंटरव्यू में आगे कहा, “टेस्ट क्रिकेट हमेशा बना रहना चाहिए, हमें वनडे क्रिकेट को खत्म कर केवल टी-20 रखना चाहिए। केरी पैकर ने वनडे क्रिकेट को नई पहचान दी थी, इसके लिए मैं उन्हें सलाम करता हूं, लेकिन अब इसका समय खत्म हो चुका है। टेस्ट क्रिकेट को दिन-रात्रि प्रारूप में खेला जाना चाहिए। वहीं मुझे किसी भी अन्य लीग से IPL को कोई खतरा बिल्कुल नजर नहीं आता।”

Tags : BCCI IPL 2026