Karur Stampede Case News: तमिलनाडु के करूर में हुई भगदड़ के मामले में सीबीआई ने तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) प्रमुख थलापति विजय को नया समन जारी किया है। एजेंसी ने उन्हें मंगलवार को फिर से पूछताछ के लिए अपने कार्यालय में पेश होने को कहा है। बताया जा रहा है कि मामले में कुछ नए सबूत सामने आए हैं, जिनके आधार पर उनसे दोबारा सवाल किए जाएंगे।
मामले की निगरानी के लिए गठित है पैनल
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद सीबीआई इस मामले में अब तक कई गवाहों से पूछताछ कर चुकी है। कोर्ट ने पिछले साल अक्टूबर में सीबीआई निदेशक को मामले की जांच करने का आदेश दिया था। इसके साथ ही जांच की प्रगति पर नजर रखने के लिए सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश अजय रस्तोगी की अध्यक्षता में एक निगरानी पैनल भी गठित किया गया था। सीबीआई फिलहाल कई पहलुओं की जांच कर रही है, जिनमें भीड़ प्रबंधन से जुड़े दस्तावेज, कार्यक्रम स्थल की अनुमति और विजय द्वारा किए गए दावे शामिल हैं।
पिछले साल भगदड़ में हुई थी 41 लोगों की मौत
तमिलनाडु के करूर में 27 सितंबर को थलापति विजय की रैली आयोजित की गई थी, जिसमें 10,000 से अधिक लोग शामिल हुए थे। रैली के दौरान अचानक भगदड़ मचने से करीब 41 लोगों की मौत हो गई, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, जबकि लगभग 60 लोग घायल हो गए थे। इस घटना के बाद टीवीके ने इसे साजिश करार देते हुए पुलिस की जांच पर सवाल उठाए थे। पार्टी ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसके बाद अदालत ने जांच सीबीआई को सौंप दी।
ये भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट का थलापति विजय को झटका, HC में ‘जन नायकन’ पर 20 जनवरी को होगी सुनवाई

