होम = Breaking = कानपुर में करोड़ों का किडनी रैकेट हुआ बेनकाब; कई आरोपी अरेस्ट; शहर के 3 अस्पतालों में एक साथ रेड

कानपुर में करोड़ों का किडनी रैकेट हुआ बेनकाब; कई आरोपी अरेस्ट; शहर के 3 अस्पतालों में एक साथ रेड

Kanpur Kidney Racket News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के कल्याणपुर से अवैध किडनी ट्रांसप्लांट का बड़ा मामला सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, यहां के एक अस्पताल में किडनी की खरीद-फरोख्त का संगठित रैकेट चल रहा था। आरोप है कि उत्तराखंड के एक युवक से करीब 10 लाख रुपये में किडनी का सौदा किया गया। बाद में एक मरीज को 90 लाख रुपये से अधिक में बेच दिया गया। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने सोमवार को अस्पतालों में छापेमारी कर जांच शुरू कर दी है।

जांच टीम आरोपी से कर रही है पूछताछ

क्राइम ब्रांच और पुलिस की संयुक्त टीम कानपुर किडनी रैकेट की पूरी सच्चाई जानने में जुटी है। आरोपी शिवम से पूछताछ में पता चला कि इस अवैध धंधे को बड़े ही सुनियोजित तरीके से चलाया जाता था। शक से बचने के लिए किडनी देने वाले को मरीज का रिश्तेदार बताया जाता था और उसे गरीब व मजबूर दिखाकर कम पैसों में सौदा किया जाता था। इसके बाद मरीज के परिजनों को उसकी गंभीर हालत का डर दिखाकर जल्द किडनी का इंतजाम करने का दबाव बनाया जाता था। जब वे तैयार हो जाते, तो उसी किडनी को कई गुना ज्यादा कीमत पर बेच दिया जाता था।

किडनी ट्रांसप्लांट प्रोसेस के लिए 3 अस्पतालों का करते थे इस्तेमाल

जांच में सामने आया कि सर्जरी के बाद डोनर और मरीज दोनों को करीब एक दिन तक एक ही अस्पताल में रखा जाता था, फिर उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भेज दिया जाता था। अधिकारियों के मुताबिक, इस पूरे नेटवर्क में तीन अलग-अलग अस्पतालों का इस्तेमाल किया जाता था। एक में अंग निकाला जाता था, दूसरे में डोनर की सर्जरी के बाद देखभाल होती थी और तीसरे में मरीज का इलाज किया जाता था। ऐसा इसलिए किया जाता था ताकि किसी एक अस्पताल के पास पूरे मामले की जानकारी न हो और रैकेट आसानी से छिपा रहे।

5 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया

देर रात क्राइम ब्रांच की कार्रवाई में एक डॉक्टर दंपति समेत कई लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस उस अस्पताल में भी पहुंची, जहां मरीज को शिफ्ट किया गया था, और वहां से पांच अन्य लोगों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।

Tags : kanpur KIDNEY