Filmmaker Atlee welcomed his second child: ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘जवान’ के निर्देशक एटली और उनकी पत्नी प्रिया के घर एक बार फिर खुशियों ने दस्तक दी है। दोनों दूसरी बार माता-पिता बने हैं। एटली ने अपने फैंस के साथ यह खास खबर साझा करते हुए बताया कि उनके घर नन्हीं परी का आगमन हुआ है। इस मौके को उन्होंने बेहद भावुक और खास अंदाज में सेलिब्रेट किया, जिसमें एक दिल छू लेने वाला वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उनका बड़ा बेटा मीर अपनी छोटी बहन का स्वागत करता नजर आ रहा है।
सोशल मीडिया के जरिए दी बेटी के पिता बनने की जानकारी
मशहूर फिल्म निर्माता एटली और उनकी पत्नी प्रिया ने सोमवार को सोशल मीडिया के जरिए अपने दूसरे बच्चे, एक प्यारी सी बेटी के जन्म की घोषणा की। इंस्टाग्राम पर इस खुशखबरी को साझा करते हुए एटली ने लिखा, “धन्य महसूस कर रहा हूं।” उन्होंने अपनी नन्हीं परी के स्वागत में एक भावुक पोस्ट भी साझा किया, जिसमें उनके बड़े बेटे मीर की ओर से लिखा गया संदेश शामिल था—“ये हुई ना बात, मुझे एक छोटी बहन मिल गई है! बड़ा भाई मीर।”
इन दिनों एटली ‘राका’ पर काम कर रहे हैं
एटली के घर आई इस खुशखबरी पर साउथ फिल्म इंडस्ट्री से लेकर बॉलीवुड तक के कई सितारे उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं। काजल अग्रवाल, सामंथा रुथ प्रभु और अनन्या पांडे जैसे कलाकारों ने सोशल मीडिया पर उनके पोस्ट पर प्यार और बधाइयों की बौछार कर दी है। सामंथा ने उन्हें बधाई देते हुए खुशी जताई, जबकि काजल अग्रवाल ने नन्ही परी को ढेर सारा प्यार भेजते हुए एटली और प्रिया के साथ-साथ बड़े बेटे मीर को भी बड़े भाई बनने पर खास बधाई दी। फिलहाल, एटली इन दिनों अपनी नई फिल्म राका पर काम कर रहे हैं।

