Israel Iran military strike: अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच जारी टकराव अब ईरान की सीमाओं से बाहर फैल चुका है। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने दावा किया है कि उसने इज़राइल की ओर ड्रोन और मिसाइलों की पहली लहर दागी है। इसके जवाब में इजराइल में राष्ट्रव्यापी अलर्ट जारी कर दिया गया और सेना ने कहा कि वह संभावित हमलों को रोकने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है।
खाड़ी देशों में सायरन और धमाके
तनाव का असर खाड़ी क्षेत्र में भी दिखाई दिया। Bahrain के अधिकारियों ने बताया कि मिसाइल हमले में वहां स्थित अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े के मुख्यालय को निशाना बनाया गया। कुवैत में, जहां अमेरिकी सैन्य केंद्र मौजूद है, प्रत्यक्षदर्शियों ने सायरन और विस्फोटों की आवाजें सुनने की सूचना दी। कतर में भी धमाकों की खबरें सामने आईं। रिपोर्ट के अनुसार, यूएई की राजधानी में हमले के छर्रों से एक व्यक्ति की मौत हुई, जो ईरान की जवाबी कार्रवाई में पहली ज्ञात मौत मानी जा रही है।
कई देशों ने बंद किया हवाई क्षेत्र
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए Iraq और संयुक्त अरब अमीरात ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया। जॉर्डन में भी चेतावनी सायरन बजाए गए। इज़राइल, ईरान और इराक सहित कई देशों ने नागरिक उड़ानों पर रोक लगा दी है। कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइनों ने इन देशों के लिए अपनी सेवाएं निलंबित कर दी हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, तेहरान के कुछ हिस्सों में मोबाइल सेवाएं और इंटरनेट कनेक्टिविटी बाधित कर दी गई है। वहीं इज़राइल में स्कूलों और कार्यालयों को या तो बंद कर दिया गया है या उन्हें दूरस्थ रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
तेहरान पर संयुक्त हमला
शनिवार को तनाव तब और बढ़ गया जब अमेरिका और इज़राइल ने तेहरान में संयुक्त हमला किया। बताया गया कि विस्फोट Ali Khamenei के कार्यालय परिसर के पास सुने गए। हालांकि, उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाने की खबर है। इज़राइल के रक्षा मंत्री इज़राइल काट्ज़ ने इस कार्रवाई को “खतरों को समाप्त करने” के लिए उठाया गया कदम बताया और आपातकाल की घोषणा की। बाद में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुष्टि की कि यह अभियान अमेरिकी सहयोग से अंजाम दिया गया। उन्होंने ईरान के मिसाइल ढांचे को नष्ट करने का संकल्प दोहराया और कड़ी चेतावनी भी दी।
हौथियों की चेतावनी
इस बीच, यमन में ईरान समर्थित हौथी विद्रोहियों ने लाल सागर के समुद्री मार्गों और इज़राइल पर हमले फिर से शुरू करने की धमकी दी है। इससे वैश्विक समुद्री व्यापार पर भी असर पड़ने की आशंका है।
भारत की अपने नागरिकों को सलाह
मध्य पूर्व में तेजी से बिगड़ती स्थिति को देखते हुए इज़राइल स्थित भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवायजरी जारी की है। उन्हें अत्यधिक सतर्क रहने, स्थानीय सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

