Commercial gas cylinders has been stopped: ईरान युद्ध के चलते बांग्लादेश और पाकिस्तान के बाद अब भारत में भी ऊर्जा संकट गहरा रहा है। इस संकट से निपटने के लिए देश की तेल कंपनियां कई कड़े कदम उठा रही हैं। बताया जा रहा है कि तेल कंपनियों के पास सीमित स्टॉक बचा है। इसी के चलते तेल कंपनियों ने पंजाब, महाराष्ट्र के पुणे, राजस्थान, आंध्रप्रदेश के हैदराबाद, तेलंगाना, तमिलनाडु के चेन्नई व कोयंबटूर समेच जिलों में कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई को अस्थाई रूप से रोक लगाने का फैसला लिया है। इसका सीधा असर न सिर्फ खाने-पीने की दुकानों पर, बल्कि बेंगलुरु, मुंबई व पुणे समेत अन्य शहरों के होटलों पर पड़ेगा। गौरतलब है, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण भारत के लगभग 40 फीसदी एलएनजी (Liquefied Natural Gas) सप्लाई प्रभावित हुई है।
अस्पतालों-शैक्षणिक संस्थानों को मिलेगा कमर्शियल सिलेंडर
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने एलपीडी डिस्ट्रीब्यूटर्स को निर्देश दिया है कि फिलहाल कमर्शियल गैस सिलेंडर केवल अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को ही दिए जाएं। होटल, रेस्टोरेंट और अन्य कमर्शियल संस्थानों को सिलेंडर की सप्लाई अस्थायी रूप से रोक दी गई है। कंपनियों ने एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स से कहा है कि पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के ताजा निर्देशों के अनुसार नॉन डोमेस्टिक यानी कमर्शियल सिलेंडर अब केवल अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को ही बेचे जाएंगे। होटल, रेस्टोरेंट और अन्य कमर्शियल संस्थानों को फिलहाल कमर्शियल सिलेंडर नहीं दिया जाएगा।
पिछले 3 साल के उच्चतम स्तर पर है कच्चे तेल की कीमत
ईरान युद्ध के चलते खाड़ी देशों से कच्चे तेल की आपूर्ति बाधित है। यही वजह है कि ब्रेंट क्रूड 10.55 डॉलर यानी 10.66 फीसदी गिरावट के साथ 88.41 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है। इसी तरह डब्ल्यूटीआई क्रूड भी $9.95 यानी 10.50 फीसदी गिरावट के साथ 84.82 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। पिछले सत्र में कच्चे तेल की कीमत 119.50 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंची थी जो 2022 के बाद इसका उच्चतम स्तर है।
कब तक चलेगा ईरान युद्ध?
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई बातचीत के बाद कच्चे तेल की कीमतों में कुछ नरमी देखने को मिली। पुतिन ने ईरान युद्ध को तुरंत खत्म करने के लिए ट्रंप के सामने कुछ प्रस्ताव भी रखे। वहीं ट्रंप ने एक इंटरव्यू में कहा कि ईरान के खिलाफ चल रहा युद्ध जल्द समाप्त हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि यह युद्ध अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है और अमेरिका इसे शुरुआती आकलन से कहीं पहले खत्म करने की दिशा में बढ़ रहा है। इससे पहले ट्रंप ने कहा था कि यह युद्ध चार से पांच हफ्ते तक खिंच सकता है।
अब 25 दिनों पर होगी घरेलू सिलेंडर की बुकिंग
बीते दिनों घरेलू और कमर्शिल सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी किए जाने के बाद अब घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग अवधि 21 दिनों से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है। सरकार का मानना है कि इस कदम से बाजार में कृत्रिम कमी पैदा करने की कोशिशों को रोका जा सकेगा और उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सकेगी।
ये भी पढ़ें: एलपीजी सिलेंडर बुकिंग अवधि 21 से बढ़ाकर 25 दिन, जमाखोरी रोकने के लिए सरकार का कदम

