Oil Refinery Hit In Iran: मिडिल ईस्ट में हालात एक बार फिर बिगड़ते नजर आ रहे हैं। ईरान और अमेरिका के बीच सीजफायर के ऐलान के 12 घंटे भी पूरे नहीं हुए थे कि हमले फिर शुरू हो गए। पहले ईरान की रिफाइनरी पर अमेरिका और इजरायल ने हमला किया, जिसके जवाब में ईरान ने यूएई और कुवैत पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं।
2 हफ्ते के सीज़फायर पर बनी थी सहमति
बुधवार सुबह करीब साढ़े 4 बजे (भारतीय समयानुसार) अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्ते के लिए सीज़फायर पर सहमति बनी थी। लेकिन कुछ ही घंटों बाद ईरान की तेल रिफाइनरी में बड़ा धमाके होने की खबर आई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ये रिफाइनरी लावन द्वीप में है। आपको बता दें कि लावन द्वीप फारस की खाड़ी में है। फारस की खाड़ी में स्थित एक रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण आईलैंड हैं। खास बात ये है कि लावन ईरान के प्रमुख कच्चा तेल निर्याता टर्मिनल में से एक है।
10-सूत्रीय प्रस्ताव पर माना था अमेरिका
हमले के बाद ईरान ने भी पलटवार तेज कर दिया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने कुवैत और यूएई में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाते हुए मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। ईरान ने इस सीजफायर को अपनी जीत बताते हुए कहा कि अमेरिका को 10-सूत्रीय प्रस्ताव मानने पर मजबूर होना पड़ा। इस प्रस्ताव में स्थायी युद्धविराम, सभी प्रतिबंधों को हटाना और क्षेत्र से अमेरिकी सेनाओं की वापसी जैसी मांगें शामिल हैं।

