Iran War News: अमेरिकी-इजरायल और ईरान में जारी युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को 48 घंटे के भीतर होर्मुज स्ट्रेट को खोलने की धमकी पर ईरानी सेना ने प्रतिक्रिया दी है। ईरानी सेना ने ट्रंप के होर्मुज स्ट्रेट खोलने के अल्टीमेटम को ठुकरा दिया है और कहा है कि अमेरिका बेबस और घबराकर धमकियां दे रहा है।
ईरानी सेना ने अमेरिका को चेताया
ईरानी सेना ने न केवल ट्रंप की धमकियों को नजरअंदाज किया, बल्कि अमेरिका को अंजाम भुगतने की चेतावनी भी दे डाली है। कमांडर मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही ने कहा, “अमेरिकी हमले की स्थिति में, हम उनकी आतंकवादी सेना से जुड़े सभी इन्फ़्रास्ट्रक्चर और ज़ायोनी शासन से जुड़े इन्फ़्रास्ट्रक्चर पर लगातार हमले करेंगे।” अब्दुल्लाही ने कहा, “जब से हम पर थोपा हुआ यह युद्ध हमने शुरू किया है, हमने वो सब किया है जो हमने कहा है। इस संदेश का सीधा सा अर्थ यह है कि नरक के द्वार तुम्हारे लिए खुल जाएंगे।”
ट्रंप ने कहा था- ईरान पर कहर टूटने में 48 घंटे का समय है
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा था, “मैंने ईरान को समझौता करने या होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने के लिए 10 दिन का समय दिया था। यह समय ख़त्म हो रहा है। उन पर क़हर टूटने में बस 48 घंटे बाक़ी हैं।” गौरतलब है, शनिवार को इज़रायल और अमेरिका द्वारा बुशहर परमाणु केंद्र पर कथित हमले के बाद ईरान ने परमाणु जवाब की धमकी दी। ईरान ने कहा कि ऐसे कदमों से उसका नुकसान नहीं होगा, बल्कि सऊदी अरब, यूएई, कुवैत, बहरीन, कतर और ओमान जैसे देशों पर गंभीर असर पड़ सकता है।

