Hormuz Passage Fee: मिडल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने बड़ा कदम उठाते हुए हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले कुछ जहाजों से करीब 20 लाख डॉलर (लगभग 18.8 करोड़ रुपये) वसूलने का फैसला किया है। इस फैसले को वैश्विक समुद्री व्यापार के इस अहम मार्ग पर ईरान के बढ़ते नियंत्रण और दबाव की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
ईरानी सांसद ने कहा- कुछ जहाजों पर लगाया गया है टोल
ईरान की संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के सदस्य अलाएद्दीन बोरूजेर्दी ने कहा कि हॉर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले कुछ जहाजों पर लगाया गया करीब 20 लाख डॉलर का नया शुल्क लागू कर दिया गया है। उन्होंने इसे दशकों बाद इस जलमार्ग पर ईरान के अधिकार का संकेत बताया। बोरूजेर्दी के मुताबिक, बढ़ती युद्ध लागतों के बीच यह कदम जरूरी हो गया है और इस मार्ग से गुजरने वाले जहाजों से शुल्क वसूलना ईरान की शक्ति और नियंत्रण को दर्शाता है।
ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान को दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम
अलाएद्दीन बोरूजेर्दी का यह बयान डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी के बाद आया है। ट्रंप ने पिछले हफ्ते कहा था कि अगर हॉर्मुज जलडमरूमध्य को 48 घंटे के भीतर नहीं खोला गया, तो अमेरिका ईरान के पावर प्लांट्स पर हमला करेगा और सबसे बड़े संयंत्र से इसकी शुरुआत होगी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए ईरानी सांसद ने कहा कि इज़रायल के ऊर्जा केंद्र भी ईरान की पहुंच में हैं और उन्हें एक दिन के भीतर निशाना बनाया जा सकता है।
ये भी पढ़ें: ईरान को अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का अल्टीमेटम, कहा- 48 घंटे में होर्मुज स्ट्रेट खोलें वरना कर देंगे पावर प्लांट तबाह

