IndiGo Plane Hit By Car At Kolkata: कोलकाता एयरपोर्ट पर एक बड़ां हादसा होते हुए टल गया जब बिना ड्राइवर वाली एक कैटरिंग वैन हवाई अड्डे पर खड़े एक विमान से टकरा गई। ये घटना 7 अप्रैल 2026 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुई, जहां IndiGo का एक विमान पार्किंग एरिया में खड़ा था।
वाहन के टकराने से विमान को हल्का नुकसान पहुंचा
एयरलाइन के अनुसार, एक थर्ड-पार्टी का बिना ड्राइवर वाला वाहन अचानक आगे बढ़ गया और विमान से टकरा गया। यह घटना कोलकाता एयरपोर्ट के बे नंबर 51 पर हुई, जब विमान पूरी तरह स्थिर था। बताया जा रहा है कि यह वाहन कैटरिंग सर्विस से जुड़ा था और स्टार्ट होते ही अनियंत्रित होकर आगे बढ़ गया, जिससे विमान के इंजन हिस्से को हल्का नुकसान पहुंचा।
दूसरे विमान से भेजे गए यात्री
घटना के तुरंत बाद संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गई और विमान को जांच व मेंटेनेंस के लिए ग्राउंड कर दिया गया। यह विमान IndiGo की कोलकाता से गुवाहाटी जाने वाली फ्लाइट 6E 6663 के लिए निर्धारित था। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एयरलाइन ने तुरंत वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की, जिससे उड़ान समय पर संचालित हो सकी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी भी कर्मचारी को चोट नहीं आई। फिलहाल विमान को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आवश्यक सुरक्षा जांच की जा रही है।

