IND vs PAK Match: टी-20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मुकाबला हमेशा की तरह इस बार भी बेहद खास बन गया है। इस हाई-वोल्टेज मैच को लेकर पूरे देश में उत्साह और रोमांच का माहौल है। क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें इस अहम भिड़ंत पर टिकी हुई हैं। वहीं, देश के कई हिस्सों में भारतीय टीम की जीत के लिए पूजा-पाठ और प्रार्थनाएं भी की जा रही हैं।
मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर में भी टीम इंडिया की विजय के लिए विशेष अनुष्ठान आयोजित किया गया। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच भारतीय क्रिकेट टीम के समर्थन में विशेष प्रार्थना की गई। मंदिर के पुजारियों और पुरोहितों ने भारतीय खिलाड़ियों की तस्वीरें गर्भगृह में शिवलिंग के समीप रखकर विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई।
इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान महाकाल से टीम इंडिया की सफलता और विजय की कामना की गई। पुजारियों ने कहा कि देश की आन-बान और शान से जुड़े इस मुकाबले में भारतीय टीम शानदार प्रदर्शन करे, इसके लिए विशेष आशीर्वाद मांगा गया है। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने भी हाथ जोड़कर भारतीय खिलाड़ियों के हौसले और जीत के लिए प्रार्थना की।
भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। कई स्थानों पर लोगों ने हवन-पूजन और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए हैं। क्रिकेट प्रेमियों का मानना है कि यह सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की भावनाओं से जुड़ा मुकाबला है।
महाशिवरात्रि जैसे शुभ दिन पर महाकाल की नगरी से टीम इंडिया के लिए उठी ये दुआएं खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने का काम कर रही हैं। अब सबकी निगाहें मैदान पर होने वाले रोमांचक मुकाबले पर टिकी हैं, जहां भारतीय टीम से शानदार प्रदर्शन और जीत की उम्मीद की जा रही है।
ये भी पढ़ें: ईरानी सुप्रीम लीडर खामेनेई संग नए समझौते के लिए ट्रंप तैयार, अमेरिकी विदेश मंत्री का दावा

