Imran Khan Health News: पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री और पूर्व क्रिकेटर इमरान खान की बिगड़ती हेल्थ रिपोर्ट पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर अजय जडेजा के बयान ने पाकिस्तानी क्रिकेटरों में खलबली मचा दी है। अजय जडेजा ने 73 वर्षीय इमरान को लेकर कहा, “मैंने कई भारतीयों को उनके (इमरान) समर्थन में आवाज़ उठाते देखा है, लेकिन जिन पाकिस्तानी क्रिकेटरों ने उनके साथ क्रिकेट खेला और जो मौजूदा पाकिस्तानी क्रिकेटर हैं, वे ऐसे समय पर खामोश हैं जब उन्हें उनके समर्थन की ज़रूरत है।” दरअसल, इमरान खान 2023 से पाकिस्तान की जेल में बंद है। जेल में रहते हुए उन्हें कई हेल्थ संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। हालिया रिपोर्ट है कि इमरान की एक आंख की रोशनी 85 फीसदी खत्म हो गई है। इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने संज्ञान लेते हुए शासन को उनका इलाज करवाने के लिए कहा है।
पूर्व पेसर अकरम ने इमरान के स्वस्थ होने की कामना की
पूर्व पाकिस्तानी पेसर वसीम अकरम ने कहा, “यह सुनकर बहुत दुख होता है कि हमारे कप्तान इमरान ख़ान स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। मैं उम्मीद करता हूं कि अधिकारी इस मामले को गंभीरता से लें और सुनिश्चित करें कि उन्हें हर संभव सबसे बेहतर इलाज मिले।” उन्होंने कहा, “उनके जल्द स्वस्थ होने और पूरी तरह ठीक होने की कामना करता हूं।”
शोएब अख्तर ने क्या कहा?
पूर्व दिग्गज पेसर शोएब अख्तर ने कहा, “पिछले तीन महीनों से मैं अमेरिका में इमरान ख़ान के शौकत ख़ानम कैंसर अस्पताल के लिए धन जुटा रहा हूं। यह जानकर मुझे बहुत दुख हुआ कि उनकी आंखों की रोशनी चली गई है।” उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद है कि उन्हें बेहतर इलाज मिलेगा और मैं उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
अफरीदी और हफीज़ ने भी दिए बयान
शाहिद अफ़रीदी ने कहा कि चिकित्सा सुविधा तक पहुंच “मूल अधिकार है और इसे उपलब्ध कराया जाना चाहिए।” रमीज़ राजाने कहा कि उन्हें उम्मीद है “मानवता की जीत होगी।” उन्होंने लिखा, “इमरान ख़ान को पीड़ा में देखना और एक आंख की दृष्टि खोना भावनात्मक रूप से झकझोर देने वाला है।” वहीं, मोहम्मद हफीज़ ने भी इमरान के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उन्हें उचित चिकित्सीय सुविधा देने की मांग का समर्थन किया है।
इमरान जेल से अस्पताल में होंगे शिफ्ट
पूर्व पीएम इमरान खान की हेल्थ के मुद्दे पर पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ पार्टी (पीटीआई) के कार्यकर्ताओं ने इस्लामाबाद, कराची, स्वाबी और अटॉक में सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। पीटीआई की मांग के बाद सरकार ने तुरंत इमरान खान को जेल से अस्पताल में शिफ्ट करने का फैसला किया। इमरान को अक्टूबर 2025 में दाहिनी आंख में धुंधलापन शुरू हुआ था। जेल में हाई ब्लड प्रेशर का सही इलाज न होने से समस्या बढ़ी। कई महीनों तक उनका बीपी नॉर्मल से अधिक रहा। शिकायत के बाद प्रशासन ने कोई ध्यान नहीं दिया था।
ये भी पढ़ें: तोहफे से तख्तापलट तक! इमरान खान को 17 साल की जेल, पत्नी भी है दोषी, जाने पूरा मामला

