ICC Women’s T20 World Cup 2026: महिलाओं के ICC महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 12 जून से होने जा रही है, और इससे पहले ICC ने टूर्नामेंट के लिए रिकॉर्ड प्राइज मनी का ऐलान कर दिया है। इस बार कुल इनामी राशि 87.64 लाख अमेरिकी डॉलर (करीब 82 करोड़ रुपये) रखी गई है, जो 2024 के पिछले संस्करण की तुलना में करीब 10 प्रतिशत ज्यादा है। ऐसे में महिला क्रिकेट के इस बड़े टूर्नामेंट को लेकर उत्साह और भी बढ़ गया है।
विजेता टीम को इतनी मिलेगी प्राइज़ मनी
ICC के मुताबिक, महिला टी-20 विश्व कप 2026 की विजेता टीम को 23.40 लाख डॉलर (करीब 21.92 करोड़ रुपये) मिलेंगे, जबकि उपविजेता को 11.70 लाख डॉलर (लगभग 10.96 करोड़ रुपये) दिए जाएंगे। वहीं, सेमीफाइनल में हारने वाली दोनों टीमों को 6.75 लाख डॉलर (करीब 6.32 करोड़ रुपये) प्रत्येक मिलेंगे। इसके अलावा ग्रुप स्टेज में हर जीत पर टीमों को 31 हजार डॉलर (करीब 2.90 लाख रुपये) का इनाम मिलेगा।
12 टीमें लेंगी हिस्सा
इस बार वर्ल्ड कप में12 टीमें हिस्सा लेंगी, जो टूर्नामेंट के विस्तार को दर्शाता है। ICC के CEO संजोग गुप्ता ने महिला क्रिकेट के तेज़ी से हो रहे विकास पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट का 12 टीमों तक विस्तार और रिकॉर्ड प्राइज पूल ICC की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत महिला क्रिकेट को और मजबूत व प्रतिस्पर्धी बनाया जा रहा है।

