Troubles for Galgotias not over: दिल्ली में चल रहे एआई इम्पैक्ट समिट में दिखाए गए एक रोबोटिक डॉग को लेकर गलगोटिया यूनिवर्सिटी चर्चा में आ गई है। सोशल मीडिया पर आरोप लगे हैं कि चीन में बने रोबोट को इस यूनिवर्सिटी ने स्वदेशी इनोवेशन बताकर पेश किया है। हालांकि, यूनिवर्सिटी ने इसे ‘कम्यूनिकेशन एरर’ बताया था और इसके लिए माफ़ी मांगी ली। अब सरकार ने एक्शन लेते हुए समिट स्टॉल में उसकी बिजली काट दी है और बयान भी जारी किया है।
सरकार ने दिया बयान
इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय के सचिव एस. कृष्णन ने गलगोटिया यूनिवर्सिटी से एक्सपो का स्टॉल ख़ाली कराने के सवाल के जवाब में कहा, ”हम चाहते हैं कि एक्सपो में लोग जो भी प्रदर्शित करें, उसमें वास्तविक और प्रामाणिक काम ही दिखे। इसका मक़सद यह नहीं है कि इसे किसी और तरीके से इस्तेमाल किया जाए”उन्होंने कहा, ”यहां चल रहे समिट को लेकर किसी तरह का विवाद हम नहीं चाहते। इसलिए यह ज़रूरी है कि एक आचार संहिता का पालन किया जाए। ग़लत जानकारी को बढ़ावा नहीं दिया जा सकता. हम इस विवाद को यहां नहीं चाहते। मैं इस पर नहीं जा रहा कि वे सही हैं या ग़लत। हम सिर्फ़ यह चाहते हैं कि कोई विवाद न हो।”
रोबो डॉग के बाद सॉकर ड्रोन पर बढ़ा विवाद
रोबो डॉग के बाद गलगोटिया यूनिवर्सिटी का सॉकर ड्रोन भी विवादों में आ गया है। इंडिया यूथ कांग्रेस ने इस वीडियो को एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है, “पहले चीन, अब कोरिया। गलगोटिया ‘उधार’ लिए गए इनोवेशन के वर्ल्ड टूर पर है। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने कैंपस में स्क्रैच से इंडिया का पहला ड्रोन सॉकर बनाया है, लेकिन असल में यह कोरिया का एक स्ट्राइकर वी3 एआरएफ़ है।”

