उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में देर रात बड़ा हादसा हो गया। बेतवा नदी पर बन रहे एक पुल का हिस्सा अचानक गिर जाने से वहां मौजूद कई मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में अब तक छह मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कुछ अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका के चलते राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।
तेज आंधी-बारिश के बीच हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, कुरारा थाना क्षेत्र में मोरकंदर परसानी से नैथी गांव को जोड़ने के लिए बेतवा नदी पर पुल का निर्माण किया जा रहा था। शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे मौसम अचानक बिगड़ गया। तेज आंधी और बारिश के दौरान पुल की सटरिंग और स्लैब का हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। बताया जा रहा है कि हादसे के समय कई मजदूर निर्माणाधीन हिस्से के पास ही आराम कर रहे थे, जिससे उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।
जोरदार आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीण
स्थानीय लोगों ने बताया कि तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद पुल का एक हिस्सा नदी किनारे गिर गया। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और SDRF की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। बचाव अभियान के लिए जेसीबी और भारी मशीनों की मदद ली जा रही है।
राहत और बचाव अभियान जारी
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, मलबा हटाने का काम लगातार जारी है। मौके पर एसडीएम, सीओ और कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है। अधिकारियों का कहना है कि कुछ और मजदूरों के दबे होने की आशंका को देखते हुए सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। प्रशासन ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
हादसे में इन मजदूरों की गई जान
हादसे में जिन लोगों की मौत हुई है उनमें बांदा जिले के लोकेंद्र निषाद, कुलदीप निषाद, सावंत यादव, सभाजीत, हमीरपुर निवासी पुष्पेंद्र सिंह चौहान और राजेश पाल शामिल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
निर्माण कार्य और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों और निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि खराब मौसम के बावजूद मजदूरों की सुरक्षा को लेकर पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: भारत-इजरायल रिश्तों पर बोले नेतन्याहू, कहा- दुनिया में सबसे मजबूत समर्थन भारत से…

