Cab Drivers Strike Across Gurugram: गुरुग्राम में ऐप-आधारित कैब चालकों ने सोमवार को हड़ताल का ऐलान कर दिया है। ड्राइवर सवारियों की केवाईसी सत्यापन की मांग कर रहे हैं, क्योंकि कई बार यात्रियों की ओर से उन पर हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इस हड़ताल का असर शहर में कैब सेवाओं पर साफ तौर पर देखने को मिल सकता है।
कैब चालक कर रहे हैं सवारियों की वेरिफिकेशन की मांग
गुरुग्राम के सेक्टर-46 में शनिवार को कैब चालकों ने हड़ताल की चेतावनी दी थी। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिना सत्यापन या नकली यात्रियों से उनकी सुरक्षा को खतरा बना रहता है। एक ड्राइवर ने बताया कि जहां चालकों के लिए सख्त केवाईसी नियम लागू हैं, वहीं सवारियों के लिए ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है, जिससे उनकी सुरक्षा खतरे में पड़ती है। उन्होंने मांग की कि नकली या बिना वेरिफिकेशन वाले पैसेंजर्स से बचाव के लिए भी ठोस कदम उठाए जाएं।
सेक्टर 37 में कैब चालक की गला घोंटकर की गई थी हत्या
चालकों ने 25 वर्षीय सूरज सिंह की हत्या मामले का जिक्र किया और सुरक्षा के लिए सवारियों की केवाईसी मांग की है। गौरतलब है, जनवरी में गुरुग्राम के सेक्टर 37 में चालक की कैब के अंदर ही गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। रिपोर्ट है कि इस वारदात को सवारियों ने अंजाम दिया था।
चालकों ने सुरक्षा को लेकर उठाए सवाल
कैब कंपनियों की तरफ से दिए गए SOS बटन और अन्य सुरक्षा फीचर्स पर भी चालकों ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इमरजेंसी के वक्त ये फीचर्स उतने कारगर साबित नहीं होते, जितना दावा किया जाता है। कई बार मदद समय पर नहीं मिलती, जिससे ड्राइवर खुद को असुरक्षित महसूस करते हैं।
ये भी पढ़ें: ओला-उबर के इन वाहनों पर UP सरकार का होगा कंट्रोल, ऐप पर होगी वाहनों की पूरी जानकारी

