होम = Breaking = ग्रेटर नोएडा 2 स्कूल बसों की भिड़ंत: एक दर्जन से ज्यादा बच्चे घायल, ड्राइवर की हालत गंभीर

ग्रेटर नोएडा 2 स्कूल बसों की भिड़ंत: एक दर्जन से ज्यादा बच्चे घायल, ड्राइवर की हालत गंभीर

Bus Accident News: ग्रेटर नोएडा में सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां दो स्कूल बसों की जोरदार टक्कर में एक दर्जन से ज्यादा बच्चे घायल हो गए। यह हादसा दादरी थाना क्षेत्र के रूपवास गांव के पास हुआ, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

हादसे में बस का अगला हिस्सा हुआ क्षतिग्रस्त

सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे, जब बच्चे स्कूल जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित बस ने दूसरी स्कूल बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, टक्कर मारने वाली बस रामयज्ञ स्कूल की थी, जो नियंत्रण खोने के बाद सामने से आ रही दूसरी बस से जा भिड़ी।

हादसे में 1 दर्जन से ज्यादा बच्चे घायल

इस हादसे में जीसस एंड मैरी स्कूल के करीब एक दर्जन से ज्यादा बच्चे घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में स्कूल बस का चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।