Coach Gautam on Arshdeep Throw Daryl Mitchell: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत की जीत के बीच एक पल ऐसा भी आया जब मैदान पर तनाव बढ़ गया। भारतीय गेंदबाज अर्शदीप सिंह और न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेरेल मिचेल के बीच तीखी बहस देखने को मिली। इस घटना के बाद अर्शदीप पर जुर्माना भी लगाया गया, लेकिन अब टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने उनका समर्थन करते हुए कहा है कि देश के लिए खेलते समय आक्रामकता दिखाना स्वाभाविक है।
ये भी पढ़ें: आपको देखकर बहुत अच्छा लगा…जब एमएस धोनी ने टीम इंडिया को दी विश्वकप जीत की बधाई, कोच साहब को लेकर कही ये बात
पॉडकास्ट में गंभीर ने अर्शदीप का किया समर्थन
पॉडकास्ट में हेड कोच गौतम गंभीर ने इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए अर्शदीप सिंह का खुलकर समर्थन किया। उन्होंने कहा, “जब आप अपने देश का प्रतिनिधित्व कर रहे होते हैं तो आक्रामकता दिखाना स्वाभाविक है, इसमें कुछ भी गलत नहीं है। अगर कोई गेंद वापस भी फेंकता है तो यह पूरी तरह ठीक है, क्योंकि दुनिया का कोई भी गेंदबाज दो छक्के खाना नहीं चाहता।” गंभीर ने आगे कहा कि अगर अर्शदीप ने डेरेल मिचेल से माफी नहीं भी मांगी होती, तो भी उन्हें कोई परेशानी नहीं होती। उनके मुताबिक मैदान पर कोई दोस्त या दुश्मन नहीं होता, खिलाड़ी का असली काम सिर्फ अपने देश के लिए मैच जीतना होता है।
ICC ने अर्शदीप पर लगाया है फीस का 15% जुर्माना
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में आचार संहिता का उल्लंघन करने के मामले में भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। आईसीसी ने उन्हें आचार संहिता के आर्टिकल 2.9 के तहत दोषी पाया, जो इंटरनेशनल मैच के दौरान किसी खिलाड़ी की ओर गलत या खतरनाक तरीके से गेंद या अन्य क्रिकेट सामान फेंकने से जुड़ा है। इसके साथ ही अर्शदीप के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़ा गया है, जो पिछले 24 महीनों में उनकी पहली गलती है।
ये भी पढ़ें: भारतीय स्पिनर कुलदीप इस दिन मंसूरी में मंगेतर वंशिक संग रचाएंगे शादी, कई खिलाड़ी होंगे शामिल

