Afghanistan-Pakistan conflict: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर हालात एक बार फिर तनावपूर्ण हो गए हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शनिवार तड़के करीब 3 बजे दुरंड रेखा के पास पक्तिका प्रांत के तेरवा जिले में दोनों देशों की सेनाओं के बीच नई झड़प शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि अफगानिस्तान की इस्लामिक अमीरात की सेनाओं ने पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के उत्तरी वजीरिस्तान स्थित मीरानशाह और स्पिनवाम में ड्रोन हमले किए। इस कार्रवाई को ‘रद अल-जुल्म’ नाम दिया गया है, जिसे अफगान पक्ष पाकिस्तान की हालिया बमबारी के जवाब के रूप में बता रहा है। फिलहाल किसी आधिकारिक हताहत की पुष्टि नहीं हुई है।
ख्वाजा आसिफ ने कहा- खुली जंग जैसे हालात
पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के काबुल, कंधार और पक्तिया में हवाई हमले किए थे। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने अफगानिस्तान के खिलाफ ‘खुली जंग’ जैसी स्थिति की बात कही। पाकिस्तान का कहना है कि यह कार्रवाई अफगान सीमा से हुई फायरिंग के जवाब में की गई। पाकिस्तानी सूचना मंत्रालय के मुताबिक, सेना ने “तुरंत और प्रभावी जवाब” दिया है और देश की सुरक्षा व क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा।
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान-अफगानिस्तान संघर्ष पर आया ट्रंप का रिएक्शन; कहा- इसमें करूंगा हस्तक्षेप

