Ex-CM Farooq’S Statement: जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर हुए हमले की कोशिश के बाद उनकी पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष ने कहा, “भगवान ने मुझे बचा लिया।” उन्होंने बताया कि जम्मू के ग्रेटर कैलाश इलाके में एक शादी समारोह से बाहर निकलते समय उन्हें पटाखे जैसी आवाज सुनाई दी और बाद में पता चला कि एक व्यक्ति ने पिस्टल से दो गोलियां चलाई थीं।
अब्दुल्ला ने कहा- वहां पुलिस नहीं थी तैनात
फारूक अब्दुल्ला ने आगे कहा, “मुझे नहीं पता कि आरोपी कमल का इरादा क्या था। इसे सुरक्षा में बड़ी चूक कहना जल्दबाजी होगी। शादी समारोह में कई बड़ी शख्सियतें मौजूद थीं, लेकिन वहां कोई पुलिसकर्मी तैनात नहीं था। अल्लाह के करम से मेरे साथ मेरी निजी सुरक्षा टीम मौजूद थी, जिसकी वजह से मेरी जान बच गई।”
गृहमंत्री शाह ने फोन पर जाना अब्दुल्ला का हाल
जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम ने बताया कि गृहमंत्री अमित शाह ने उन्हे फोन करके हालचाल पूछा और स्वास्थ्य का जायजा लिया। उन्होंने मुझे यह भरोसा दिलाया कि इस मामले की जांच कराई जाएगी। फारूक अब्दुल्ला ने आगे कहा, ”इस मामले की जांच होनी चाहिए। आजकल नफरत का माहौल बन गया है, इसलिए ऐसी घटनाएं होती रहती हैं। कोई भी धर्म नफरत नहीं सिखाता बल्कि केवल प्रेम करना सिखाता है।”पुलिस ने घटना के बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी में कोई घायल नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि आरोपी जामवाल नशे की हालत में था। आरोपी की उम्र 60 साल से अधिक है और वह शादी के कार्यक्रम स्थल के बाहर अब्दुल्ला के आने का इंतजार कर रहा था।

