होम = Breaking = नोएडा के बाद फरीदाबाद में बवाल: वेतन वृद्धि को लेकर प्रदर्शन, कामकाज ठप

नोएडा के बाद फरीदाबाद में बवाल: वेतन वृद्धि को लेकर प्रदर्शन, कामकाज ठप

Faridabad News: नोएडा में वेतन बढ़ोतरी को लेकर हुए बवाल का असर अब फरीदाबाद में भी देखने को मिल रहा है। सेक्टर-37 में हजारों कर्मचारी वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए हैं और हड़ताल पर चले गए हैं, जिससे कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है। खबर के मुताबिक मदरसन कंपनी के हजारों कर्मचारियों ने काम बंद कर विरोध शुरू कर दिया है। वहीं आसपास की अन्य कंपनियों के मजदूर भी समर्थन में बाहर निकल आए हैं, जिसके चलते हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

मजदूरों ने श्रम कानून के मुताबिक मांगा वेतन

फरीदाबाद में भी कर्मचारियों का गुस्सा कंपनी प्रबंधन और श्रम विभाग के खिलाफ खुलकर सामने आ रहा है। मजदूरों की मांग है कि उन्हें श्रम कानूनों के मुताबिक वेतन दिया जाए, जिसके चलते मदरसन समेत आसपास की कई कंपनियों के कर्मचारी काम छोड़कर प्रदर्शन में शामिल हो रहे हैं। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और कर्मचारियों से बातचीत की कोशिश की जा रही है। फिलहाल प्रदर्शन शांतिपूर्ण है, लेकिन बड़ी संख्या में जुटी भीड़ के कारण हालात संवेदनशील बने हुए हैं।

नोएडा में भी कर्मचारी सड़कों पर हैं

नोएडा में बीते तीन दिनों से वेतन बढ़ोतरी को लेकर चल रहा श्रमिकों का प्रदर्शन सोमवार को अचानक उग्र हो गया। हजारों की संख्या में जुटे मजदूरों ने गुस्से में कई वाहनों में तोड़फोड़ की और कुछ को आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शन के दौरान हालात बेकाबू हो गए, जिससे इलाके में तनाव फैल गया और भारी पुलिस बल को तैनात करना पड़ा।