UP News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के सरवट इलाके में एक ही परिवार के 4 सदस्यों के शव मिलने का मामला सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, मृतकों में पति-पत्नी और 2 बच्चे शामिल हैं। मामले को लेकर पुलिस ने बताया कि इरशाद (32 वर्ष) का शव फंदे के सहारे पंखे से लटका था, जबकि उसकी पत्नी नूरीन का शव फर्श पर पड़ा था। बेटा आहिल (2 साल) और बेटी अक्शा (1 माह) बिस्तर पर मृत मिले।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
पड़ोसियों ने मामले में बताया कि ईद के बाद इरशाद की बहन आई थी। इरशाद ने अपनी बहन को 1,700 रुपये ईदी दी थी। इससे पत्नी नूरीन नाराज हो गई। बीते दिन नूरीन की 2 बहनें इरशाद के घर आई और इससे विवाद बढ़ गया। मंगलवार की सुबह 4 बजे तक घर से तेज आवाज आई। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि इरशाद ने पहले पत्नी और बच्चों को मारा, उसके बाद खुद फांसी लगाई है। फिलहाल, मामले में आगे की जांच जारी है।

