ED raids premises of ex-minister Partha Chatterjee: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक के बाद एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। कोयला घोटाले से लेकर अवैध वसूली, जमीन कब्जा, भर्ती घोटाले और अंतरराष्ट्रीय हवाला नेटवर्क तक कई मामलों में जांच तेज कर दी गई है। बीते दिनों में राज्यभर में छापेमारी, संपत्ति अटैचमेंट, समन जारी करने और चार्जशीट दाखिल करने जैसी कार्रवाई सामने आई हैं। इन जांचों के दायरे में राजनेता, अधिकारी, कारोबारी और कथित अपराध सिंडिकेट से जुड़े कई बड़े नाम आए हैं, जिससे चुनावी माहौल और गरमा गया है।
बीते दिन पार्थ चटर्जी के यहां ईडी ने मारी थी रेड
पार्थ चटर्जी एक बार फिर प्रवर्तन निदेशालय (ED) के निशाने पर हैं। 11 अप्रैल 2026 को कोलकाता में उनके आवास और सहयोगी प्रसन्न कुमार रॉय के दफ्तर पर छापेमारी की गई। ईडी के मुताबिक, SSC भर्ती घोटाले में उन्हें तीन बार समन भेजा गया, लेकिन वे एक बार भी पूछताछ के लिए पेश नहीं हुए। गौरतलब है कि 2022 में प्राथमिक शिक्षक भर्ती घोटाले में ईडी ने उन्हें गिरफ्तार किया था, जबकि 2025 में सुप्रीम कोर्ट से उन्हें सशर्त जमानत मिली थी। फिलहाल ईडी उनके खिलाफ प्राथमिक शिक्षक, SSC असिस्टेंट टीचर और ग्रुप C-D भर्ती से जुड़े कई मामलों की जांच कर रही है।

