होम = Breaking = जम्मू-कश्मीर-असम में भूकंप के झटकों से सहमे लोग, 4.6 मापी गई तीव्रता; म्यामांर में भी दर्ज हुआ भूकंप

जम्मू-कश्मीर-असम में भूकंप के झटकों से सहमे लोग, 4.6 मापी गई तीव्रता; म्यामांर में भी दर्ज हुआ भूकंप

by | Apr 12, 2026 | Breaking, News Latest, देश

Earthquake in J&K: जम्मू-कश्मीर और असम में रविवार सुबह भूकंप के तेज झटकों से हड़कंप मच गया। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में 4.6 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया, जिसके बाद लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। वहीं, नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक असम में भी 4.3 तीव्रता के झटके महसूस किए गए, जिनका केंद्र कछार जिले में और गहराई करीब 5 किलोमीटर दर्ज की गई। इसके अलावा म्यांमार में भी 4.0 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के डोडा में सुबह 04:32 बजे 4.6 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया, जिसकी गहराई करीब 10 किलोमीटर थी। कम गहराई होने की वजह से झटके ज्यादा तेज महसूस किए गए। विशेषज्ञ बताते हैं कि भूकंप पृथ्वी की सतह से लेकर करीब 700 किलोमीटर की गहराई तक आ सकते हैं। यूएसजीएस के अनुसार, वैज्ञानिक अध्ययन के लिए इस 0 से 700 किलोमीटर की गहराई को तीन अलग-अलग जोन में बांटा गया है।

भारत के अलावा म्यांमार में महसूस हुए भूकंप के झटके

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक, डोडा के अलावा म्यांमार में भी 4.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया, जिसकी गहराई करीब 140 किलोमीटर थी। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के भूकंप के बाद हल्के झटकों की आशंका बनी रहती है। इससे एक दिन पहले महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में हिंगोली जिले के कुछ हिस्सों में भी शनिवार सुबह 4.7 तीव्रता का भूकंप आया था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।