Trump-Iran Supreme Leader: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहा युद्ध गुरुवार को 27वें दिन में प्रवेश कर गया। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक कार्यक्रम में चौंकाने वाला दावा किया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया कि युद्ध से पस्त हो चुका ईरान इतना मजबूर है कि वहां के नेतृत्व ने उन्हें देश का अगला ‘सुप्रीम लीडर’ बनने का प्रस्ताव तक दे दिया था।
ट्रंप ने कहा- मुझे ईरान का राष्ट्राध्यक्ष बनना पसंद नहीं
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने एक कार्यक्रम में ईरान पर तंज कसते हुए दावा किया कि वहां की लीडरशिप ने उन्हें अपना ‘सुप्रीम लीडर’ बनाने के लिए संपर्क किया था। ट्रंप के मुताबिक, ईरान की लीडरशिप ने उनसे कहा “हम आपको अपना अगला सुप्रीम लीडर बनाना चाहते हैं,” जिस पर उन्होंने जवाब दिया “नहीं, शुक्रिया, मुझे यह नहीं चाहिए।” उन्होंने आगे व्यंग्य करते हुए कहा कि मौजूदा हालात में दुनिया का शायद ही कोई नेता होगा जो ईरान का प्रमुख बनने की इच्छा रखे।
‘हमलों से ईरान की सरकार डरी हुई है’
अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान की आंतरिक स्थिति पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वहां की सरकार बेहद डरी हुई है। उनका दावा है कि ईरान समझौते के लिए बेचैन है, लेकिन सार्वजनिक तौर पर इसे स्वीकार नहीं कर पा रहा, क्योंकि उसे अपने ही लोगों से खतरा है। ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान की लीडरशिप को अमेरिका से भी अपनी जान का डर है। इस दौरान उन्होंने ईरान के खिलाफ अमेरिकी कार्रवाई को दोहराते हुए एक बार फिर अपनी रणनीति और फैसलों को ‘सफल’ बताया।

