होम = Breaking = दिल्ली में बड़े आतंकी हमले की साजिश नाकाम! ISI से जुड़े 9 एजेंट गिरफ्तार

दिल्ली में बड़े आतंकी हमले की साजिश नाकाम! ISI से जुड़े 9 एजेंट गिरफ्तार

ISI Agents Arrested: दिल्ली पुलिस ने एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े 9 संदिग्ध एजेंटों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक ये आरोपी दिल्ली, मुंबई समेत देश के कई बड़े शहरों में आतंकी हमलों की साजिश रच रहे थे। गिरफ्तार किए गए संदिग्धों में दिल्ली, मुंबई और पंजाब के रहने वाले लोगों के अलावा कुछ विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। शुरुआती जांच में इनके तार मुंबई अंडरवर्ल्ड से भी जुड़े पाए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों का दावा है कि सभी आरोपी ISI के इशारे पर भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे, जिसके लिए हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है।

पुलिस ने ग्रेनेड और हथियार किया बरामद

जांच एजेंसियों के मुताबिक गिरफ्तार संदिग्धों के पास से बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। पुलिस ने उनके कब्जे से ग्रेनेड, कई आधुनिक हथियार और पाकिस्तान से लाई गई विस्फोटक सामग्री जब्त की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये सभी आरोपी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर भारत में बड़े आतंकी हमलों की साजिश रच रहे थे। सुरक्षा एजेंसियां अब बरामद हथियारों और विस्फोटकों के नेटवर्क, फंडिंग और संभावित टारगेट्स की गहन जांच में जुटी हैं।

9 संदिग्ध आतंकियों को पकड़ा गया

जांच एजेंसियों के अनुसार गिरफ्तार किए गए 9 संदिग्ध आतंकी देश के महत्वपूर्ण और संवेदनशील ठिकानों को निशाना बनाने की साजिश रच रहे थे। उनके संभावित टारगेट में पावर प्लांट, न्यूक्लियर प्रतिष्ठान, बिजलीघर, एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जैसे अहम केंद्र शामिल थे। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इन स्थानों को इसलिए चुना गया था क्योंकि यहां बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है और किसी भी हमले की स्थिति में भारी जनहानि तथा व्यापक दहशत फैल सकती थी।