Delhi Assembly Gets Bomb Threat: दिल्ली विधानसभा को एक बार फिर बम धमाके की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। सोमवार को विधानसभा और स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई, जिसमें साइनाइड गैस से भरे 15 RDX बम धमाकों की बात कही गई। सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वॉयड और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर की सघन तलाशी शुरू कर दी।
ई-मेल से मिली धमकी
धमकी भरा यह ईमेल इस बार हिंदी में भेजा गया, जबकि आमतौर पर ऐसे संदेश अंग्रेजी में होते थे। ईमेल में भड़काऊ और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए कुछ सामाजिक-राजनीतिक टिप्पणियां भी की गईं, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। सुरक्षा एजेंसियां इस ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं और यह जांच कर रही हैं कि इसके पीछे किसका हाथ है।
पुलिस तलाश में जुटी
धमकी भरे ईमेल में आगे विधानसभा को उड़ाने की बात कहते हुए आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणियां की गईं। ईमेल के अंत में कुछ नाम भी लिखे गए हैं, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी है। फिलहाल पुलिस ने मेल भेजने वाले की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। बता दें कि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को एक चरण में मतदान होना है, जबकि मतगणना 4 मई से शुरू होगी, ऐसे में इस धमकी को लेकर सुरक्षा एजेंसियां और भी सतर्क हो गई हैं।

