होम = Breaking = दादरा और नगर हवेली में नाइट्रोजन गैस गोदाम में धमाका, 4 की मौत; 6 गंभीर घायल

दादरा और नगर हवेली में नाइट्रोजन गैस गोदाम में धमाका, 4 की मौत; 6 गंभीर घायल

by | Apr 4, 2026 | Breaking, News Latest

Silvassa Blast: दादरा और नगर हवेली की राजधानी सिलवासा के एक नाइट्रोजन गैस गोदाम में शनिवार को जोरदार धमाका हुआ। हादसे में कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई और 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिकारियों के मुताबिक, घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाका इतना शक्तिशाली था कि गोदाम की छत और दीवारें उड़ गईं और आसपास के इलाके में भूकंप जैसे झटके महसूस किए गए।

विस्फोट के बाद फॉरेंसिक टीम कर रही है जांच

जिला कलेक्टर प्रियांक किशोर ने बताया कि मामले की जांच जारी है और फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम घटनास्थल पर पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि यह एक गैस एजेंसी थी, जहां से गैस की सप्लाई की जाती थी और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। वहीं, एक स्थानीय निवासी के अनुसार, धमाका सुबह करीब 9:15 बजे हुआ और इतना तेज था कि 10-15 मिनट तक कुछ भी दिखाई नहीं दिया। उन्होंने बताया कि विस्फोट की तीव्रता के चलते उनके घर के पास खड़ी गाड़ी के शीशे तक टूट गए।

सूचना के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची

शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसा उस समय हुआ, जब गोदाम में नाइट्रोजन गैस सिलेंडर भरे जा रहे थे। इसी दौरान एक सिलेंडर फट गया, जिसने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। बताया जा रहा है कि इस हादसे में गोदाम के मैनेजर की भी मौत हो गई है।