होम = Breaking = 200 करोड़ की संपत्ति, फिर भी लालच का शिकार! पीरागढ़ी मामले में समाने आया चौंकाने वाला खुलासा

200 करोड़ की संपत्ति, फिर भी लालच का शिकार! पीरागढ़ी मामले में समाने आया चौंकाने वाला खुलासा

Peeragarhi Triple Murder: दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में कार के अंदर तीन लोगों की संदिग्ध मौत के मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ नए-नए तथ्य सामने आ रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में कथित बाबा कमरुद्दीन को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि मृतक रणधीर आर्थिक रूप से बेहद संपन्न था और हर महीने लाखों रुपये किराए से कमाता था।

200 करोड़ की संपत्ति, फिर भी चमत्कार के जाल में फंसा

सूत्रों के मुताबिक रणधीर दिल्ली के बापरोला गांव का निवासी था और करीब 200 करोड़ रुपये की संपत्ति का मालिक बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि उसे हर महीने लगभग 18 से 20 लाख रुपये किराए के रूप में प्राप्त होते थे। इसके बावजूद वह कथित ‘धनवर्षा’ कराने के लालच में बाबा कमरुद्दीन के संपर्क में आया और दो लाख रुपये लेकर उसके पास पहुंचा।

लड्डू में जहर मिलाकर दी मौत

पुलिस के अनुसार आरोपी बाबा ने लड्डू में सल्फास और नींद की गोलियां मिलाकर रणधीर और उसके साथ मौजूद दो अन्य लोगों को खिला दिया। इसके बाद कार में सवार तीनों रणधीर, शिव नरेश सिंह और लक्ष्मी देवी की मौत हो गई। उस समय रणधीर ड्राइविंग सीट पर था, जबकि अन्य दोनों पीछे बैठे थे।

‘पैसों की बारिश’ का झांसा

जांच में यह भी सामने आया है कि कमरुद्दीन ने रणधीर को चमत्कारी तरीके से पैसों की बारिश कराने का भरोसा दिलाया था। आरोपी ने कथित तौर पर कहा था कि इसके लिए एक महिला की जरूरत होगी, जिसके बाल लंबे हों। उसने दावा किया था कि उसी महिला पर धनवर्षा होगी। बाद में आरोपी ने महिला लक्ष्मी के कान कटे होने का हवाला देकर कथित अनुष्ठान पूरा न होने की बात कही।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस पूरी साजिश के पीछे और कौन लोग शामिल हो सकते हैं।

ये भी पढ़ें: Rajasthan Budget 2026: 21.52 लाख करोड़ का बजट पेश; युवाओं, किसानों और महिलाओं के लिए बड़े ऐलान, जानें आमजन के लिए क्या बदला

बंगाल