UP News: लखनऊ में रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने संयुक्त पत्रकार वार्ता की। इस दौरान नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर चर्चा करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा गया। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि समाजवादी पार्टी तुष्टिकरण की राजनीति करती है और मुस्लिम महिलाओं के लिए धर्म के आधार पर आरक्षण की मांग करती है, जबकि संविधान इसकी अनुमति नहीं देता।
मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा- महिलाएं वोट से देंगी विपक्ष को जवाब
उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के दिन विपक्ष ने महिलाओं की उम्मीदों को झटका दिया और उस दिन को काले दिन में बदल दिया। उनके अनुसार, इस फैसले के विरोध में महिलाएं लगातार आवाज उठा रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में महिलाएं अपने मताधिकार की ताकत से विपक्ष को इसका जवाब देंगी।
CM योगी ने कहा- यह ‘भारत माता’ के सम्मान पर आघात
सीएम योगी ने कहा कि आज भारत के महान लोकतंत्र के इतिहास में एक काला अध्याय जुड़ गया। विपक्ष द्वारा ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के लिए जरूरी संविधान संशोधन बिल को पारित न होने देना ‘भारत माता’ के सम्मान पर आघात है। देश की समूची मातृशक्ति के साथ धोखा है। उनके लोकतांत्रिक अधिकार का हरण है। कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडी गठबंधन ने अपनी नारी विरोधी मानसिकता को दर्शाया है। देश की नारी शक्ति सब देख और समझ रही है। वह इस छल एवं अन्याय को याद रखेगी तथा समय आने पर इसका उत्तर भी देगी। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में मातृशक्ति के सम्मान, गरिमा और अधिकारों की रक्षा तथा उनके सशक्तीकरण के लिए NDA गठबंधन के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

