होम = Breaking = चित्तौड़गढ़ में भीषण सड़क हादसा, पिकअप-कंटेनर की टक्कर में 2 की मौत; 13 लोग घायल

चित्तौड़गढ़ में भीषण सड़क हादसा, पिकअप-कंटेनर की टक्कर में 2 की मौत; 13 लोग घायल

Chittorgarh Road Accident: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। निंबाहेड़ा-मंगलवाड़ स्टेट हाईवे पर कंटेनर और पिकअप वाहन के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में पिकअप चालक और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत निंबाहेड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर होने पर उन्हें आगे के इलाज के लिए उदयपुर रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार पिकअप में सवार सभी लोग प्रतापगढ़ जिले के बंबोरी गांव के निवासी थे। वे दशा माता के पूजन के लिए उदयपुर जिले के मावली क्षेत्र गए हुए थे। पूजा-अर्चना पूरी करने के बाद सभी लोग शाम को अपने गांव लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि पिकअप में करीब 25 से अधिक महिला, पुरुष और बच्चे सवार थे।

वापसी के दौरान जब वाहन निकुंभ थाना क्षेत्र के नपावली गांव के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे कंटेनर ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को वाहन से बाहर निकालकर निंबाहेड़ा अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर निकुंभ थाना प्रभारी राम सिंह और पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। बाद में पुलिस दल अस्पताल पहुंचकर घायलों और परिजनों से जानकारी जुटाने लगा।

इस दुर्घटना में पिकअप चालक ओंकार सिंह और केबिन में बैठी महिला जुम्मा कंवर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन बच्चों सहित 13 अन्य लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कंटेनर को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

ये भी पढ़ें: अमेरिका ने ईरानी आइलैंड खर्ग पर बरसाए बम, सैन्य अड्डों को किया तबाह

बंगाल