होम = Breaking = कार से 6 लोगों को रौंदा, गर्लफ्रेंड संग पार्टी से लौट रहा था; 5 की हालत गंभीर

कार से 6 लोगों को रौंदा, गर्लफ्रेंड संग पार्टी से लौट रहा था; 5 की हालत गंभीर

Lucknow Car Accident: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में तेज रफ्तार कार से छह लोगों को टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने 12वीं के छात्र गौरव सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। इस सनसनीखेज हिट एंड रन की घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी तेज स्पीड में कार चलाता दिख रहा है। हादसे में एक छह साल के मासूम की जान चली गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

फेयरवेल पार्टी से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, आरोपी छात्र अपनी सहपाठी के साथ फेयरवेल पार्टी से लौट रहा था। बताया जा रहा है कि कार में उसकी गर्लफ्रेंड भी मौजूद थी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर कई लोगों को कुचलता चला गया।

नानी के साथ बाजार गया था मासूम

हादसे में छह वर्षीय दीक्षांत की मौके पर ही मौत हो गई। वह उन्नाव का रहने वाला था और अपनी मां साधना के साथ ननिहाल में रहकर केंद्रीय विद्यालय में पढ़ाई कर रहा था। घटना के समय वह अपनी नानी के साथ बाजार गया था। जैसे ही मां अस्पताल पहुंची और बेटे का चेहरा देखा, वह बेसुध होकर रो पड़ी।

बंथरा थाना क्षेत्र में मचा हड़कंप

यह दुर्घटना गुरुवार शाम करीब 7 बजे बंथरा थाना क्षेत्र में कानपुर रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास हुई। CCTV फुटेज शुक्रवार को सामने आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद कार रुकते ही लड़की नीचे उतर गई, जबकि चालक कार लेकर फरार हो गया।

कई लोग घायल, हालत गंभीर

तेज रफ्तार कार ने पहले सड़क किनारे खड़ी बाइक को टक्कर मारी। इसके बाद बाजार में मौजूद 12 वर्षीय अरमान समेत कई राहगीरों को चपेट में ले लिया। करीब 100 मीटर आगे बढ़ते हुए कार ने साधना पटेल, उनकी मां मीना देवी और बेटे दीक्षांत को टक्कर मारी। इसके अलावा एक ई-रिक्शा चालक और आगे खड़े ऑटो को भी जोरदार टक्कर लगी।

आरोपी गिरफ्तार, कार जब्त

कृष्णा नगर के एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि पुलिस ने वाहन को ट्रेस कर आरोपी गौरव सिंह को हिरासत में ले लिया है और कार को जब्त कर लिया गया है। वह अवध कॉलेजिएट में 12वीं का छात्र है और उसकी उम्र 21 वर्ष बताई जा रही है।

डीसीपी दक्षिणी निपुण अग्रवाल के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और घायलों का इलाज जारी है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

ये भी पढ़ें: प्रधानमंत्री मोदी ने ‘सेवा तीर्थ’ का किया शुभारंभ, PMO का बदला पता

बंगाल