होम = Breaking = ब्लैक बॉक्स जलने पर अजित पवार के बेटे ने उठाए सवाल, VSR कंपनी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की

ब्लैक बॉक्स जलने पर अजित पवार के बेटे ने उठाए सवाल, VSR कंपनी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की

Ajit Pawar plane crash: महाराष्ट्र की राजनीति में उस समय हलचल तेज हो गई जब राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में मृत्यु के बाद हादसे को लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे। परिवार और पार्टी से जुड़े नेताओं ने दुर्घटना की पारदर्शी जांच की मांग करते हुए कई गंभीर आशंकाएं जाहिर की हैं।

ब्लैक बॉक्स को लेकर उठे सवाल

अजित पवार के छोटे बेटे जय पवार ने बुधवार को बयान जारी कर इस हादसे के पीछे ‘संभावित गंभीर लापरवाही’ की आशंका जताई। उन्होंने कहा कि विमान का ब्लैक बॉक्स इतनी आसानी से नष्ट नहीं हो सकता और इसकी तकनीकी जांच गहराई से होनी चाहिए।

जय पवार ने सोशल मीडिया पर लिखा कि महाराष्ट्र की जनता को दुर्घटना का पूरा और निष्पक्ष सच जानने का अधिकार है। उन्होंने विमान संचालन करने वाली कंपनी VSR वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड पर प्रतिबंध लगाने की भी मांग की।

गौरतलब है कि 28 जनवरी को बारामती एयरस्ट्रिप के पास दुर्घटनाग्रस्त हुए लियरजेट 45XR विमान का संचालन यही कंपनी कर रही थी। इस हादसे में अजित पवार समेत कुल पांच लोगों की जान गई थी।

सीबीआई जांच की मांग

जय पवार का बयान उस समय आया है जब राज्य की नई उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेताओं ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर मामले की CBI जांच की मांग की है। परिवार का कहना है कि दुर्घटना की निष्पक्ष जांच के लिए स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जानी चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की आशंका दूर हो सके।

भतीजे रोहित पवार के आरोप

इसी बीच, एनसीपी (शरद पवार गुट) के विधायक और अजित पवार के भतीजे रोहित पवार लगातार इस मामले में सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने दुर्घटना में तोड़फोड़ की आशंका जताते हुए विशेषज्ञ एजेंसियों से विस्तृत जांच की मांग की है।

रोहित पवार का आरोप है कि जांच पूरी होने तक केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू को पद से हटाया जाना चाहिए। उनका कहना है कि जब तक सच्चाई सामने नहीं आती, तब तक निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए यह कदम जरूरी है।

AAIB ने मांगी तकनीकी मदद

एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट जांच ब्यूरो (AAIB) ने बताया है कि दुर्घटनाग्रस्त लियरजेट 45 विमान के कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) से डेटा प्राप्त करने के लिए विशेष तकनीकी सहायता ली जा रही है।

इस बीच रोहित पवार ने पायलट कैप्टन सुमित कपूर के पिछले रिकॉर्ड पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका दावा है कि पायलट को पूर्व में शराब सेवन की आदत के कारण तीन वर्ष के लिए निलंबित किया गया था। अब सभी की निगाहें जांच एजेंसियों पर टिकी हैं, जिनकी रिपोर्ट से ही इस रहस्यमयी हादसे की असली वजह सामने आ सकेगी।

ये भी पढ़ें: AI SUMMIT 2026: गलगोटिया यूनिवर्सिटी पर सरकार का एक्शन; स्टॉल की बिजली काटी, कहा- एआई समिट में नहीं चाहिए कोई विवाद

बंगाल