Bangladesh Visa Services: नई सरकार के गठन के बाद बांग्लादेश ने भारत के साथ संबंधों को सामान्य बनाने की दिशा में अहम पहल की है। बता दें कि बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को जानकारी दी कि भारत में स्थित उसके राजनयिक मिशनों से पर्यटक वीजा सेवा सोमवार से दोबारा शुरू कर दी जाएगी।
इससे पहले सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए बांग्लादेश सरकार ने भारत में अपने दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों के माध्यम से पर्यटक वीजा जारी करने की प्रक्रिया अस्थायी रूप से रोक दी थी। चुनावी प्रक्रिया पूरी होने और हालात सामान्य होने के बाद अब यह सेवा पूर्ण रूप से बहाल की जा रही है।
अधिकारी के मुताबिक, नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग, नई दिल्ली समेत गुवाहाटी, अगरतला, मुंबई और कोलकाता में मौजूद मिशनों में अन्य श्रेणी के वीजा जारी किए जाते रहे। पर्यटक वीजा सामान्य रूप से स्थगित थे, हालांकि विशेष परिस्थितियों में जरूरतमंदों को वीजा प्रदान किया जाता रहा। इसे औपचारिक तौर पर पूरी तरह बंद घोषित नहीं किया गया था।
बताया गया कि 12 फरवरी को बांग्लादेश में हुए आम चुनाव के मद्देनजर 15 जनवरी से 15 फरवरी तक पर्यटक वीजा सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित रखने के निर्देश दिए गए थे। इस दौरान केवल अत्यंत आवश्यक मामलों में ही अनुमति दी गई। वहीं भूटान और नेपाल के लिए वीजा सेवाएं पूरी तरह रोक दी गई थीं।

