BCB News: बांग्लादेश सरकार ने पूर्व क्रिकेटर तमीम इकबाल को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। मंगलवार को सरकार ने अमीनुल इस्लाम के नेतृत्व वाले BCB बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स को भंग करने के बाद यह बड़ा फैसला लिया। अमीनुल इस्लाम पर मनमाने तरीके से काम करने के आरोप लगे थे, जिसके चलते यह बदलाव किया गया। इस फैसले को बांग्लादेश क्रिकेट में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
तमिम इस कमेटी का करेंगे नेतृत्व
37 वर्षीय तमीम BCB के सबसे कम उम्र के प्रमुख बने हैं और वे 11-सदस्यीय तदर्थ समिति का नेतृत्व करेंगे, जिसमें बांग्लादेश के पूर्व कप्तान मिन्हाजुल अबेदिन और पूर्व क्रिकेटर तथा टीवी कमेंटेटर अथर अली खान शामिल हैं। समिति के अन्य सदस्य रश्ना इमाम, मिर्जा यासिर अब्बास, सैयद इब्राहिम अहमद, इसराफिल खसरू, तंजिल चौधरी, सलमान इस्फहानी, रफीकुल इस्लाम और फहीम सिन्हा हैं।

