Two Arrest in Drug Smuggle case: राजस्थान के बाड़मेर में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ATS राजस्थान और ATS गुजरात की मदद से एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन में करीब 5 किलोग्राम क्रिस्टल मेथम्फेटामाइन जब्त की गई है, जिसे सीमा पार से तस्करी कर लाया गया था। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है।
5 किलो ड्रक की मार्केट में कीमत ₹25 करोड़
गिरफ्तार आरोपी इस खेप को आगे सप्लाई के लिए गुजरात ले जा रहे थे। जब्त किए गए ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 करोड़ रुपये प्रति किलो बताई जा रही है, जिसके हिसाब से कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत लगभग 25 करोड़ रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार तस्कर पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में था
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रतिबंधित मेथम्फेटामाइन सीमा से महज 150 मीटर की दूरी पर एक पेड़ के नीचे जमीन में दबा हुआ था। खेप के साथ पकड़ा गया स्थानीय तस्कर पाकिस्तान स्थित एक हैंडलर “मसाद” के सीधे संपर्क में था और एयरटेल पेमेंट्स बैंक जरि डिजिटल भुगतान प्राप्त कर रहा था।
जांच में गिरफ्तार तस्करों की हुई पहचान
गिरफ्तार तस्करी के आरोपियों की पहचान सलमान (लालखान का पुत्र) और शंकर राम (रमेश राम मेघवाल का पुत्र) के रूप में हुई है, जो सज्जन का पार, रामसर क्षेत्र के निवासी हैं। पूछताछ में सलमान ने खुलासा किया कि उसे यह खेप पाकिस्तान के थारपारकर जिले में रहने वाले एक व्यक्ति से अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास मिली थी। जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन से पाकिस्तानी नंबरों के साथ व्हाट्सएप चैट और ड्रग्स की डिलीवरी से जुड़े वीडियो क्लिप भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल वाहन और मोबाइल फोन को भी जब्त कर लिया है।

