Asha Bhosle dies at 92: आशा भोसले के निधन से देशभर में शोक की लहर दौड़ गई है। बॉलीवुड की इस दिग्गज गायिका ने 92 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। वह पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रही थीं और मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थीं।बताया जा रहा है कि मल्टिपल ऑर्गन फेलियर की वजह से उनका निधन हुआ। बीजेपी नेता आशीष शेलार ने उनके निधन की पुष्टि की है, जिसके बाद संगीत जगत समेत पूरे देश में शोक का माहौल है।
पीएम मोदी ने आशा के स्वास्थ्य पर जताई थी चिंता
भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के लिए 2026 की शुरुआत भी एक बड़ी क्षति लेकर आई है। आशा भोसले ने करीब आठ दशकों तक संगीत जगत को अपनी आवाज़ दी और दुनियाभर में देश का नाम रोशन किया। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनका अंतिम संस्कार शाम 4 बजे दादर शिवाजी पार्क श्मशान भूमि में किया जाएगा, जहां उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।
करियर में 12 हजार गाने गाए
आशा भोसले ने अपनी बहन लता मंगेशकर की राह पर चलते हुए संगीत की दुनिया में कदम रखा और अपार शोहरत हासिल की। महज 10 साल की उम्र में उन्होंने अपना पहला मराठी गीत रिकॉर्ड किया था। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और अपने करीब 82 साल लंबे करियर में 12,000 से ज्यादा गाने गाए। संगीत जगत में उनके अमूल्य योगदान के लिए उन्हें देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से भी सम्मानित किया गया।
आशा ने की थी 2 शादियां
आशा भोसले की प्रोफेशनल लाइफ जितनी सफल रही, उनकी पर्सनल लाइफ उतनी ही उतार-चढ़ाव भरी रही। उन्होंने साल 1949 में गणपतराव भोसले से पहली शादी की थी, लेकिन बाद में दोनों अलग हो गए। इसके बाद उन्होंने मशहूर संगीतकार आर डी बर्मन से विवाह किया। उनके निधन के बाद संगीत जगत में एक ऐसा शून्य पैदा हो गया है, जिसकी भरपाई शायद ही कभी हो सके।

