Arjun Saaniya Wedding: भारतीय क्रिकेट के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने गुरुवार (5 मार्च) को सानिया चंडोक के साथ शादी कर ली। दोनों का विवाह समारोह बेहद भव्य और पारंपरिक अंदाज में आयोजित किया गया, जिसमें परिवार के करीबी लोग, दोस्त और खेल जगत की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। शादी से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में वरमाला के दौरान अर्जुन तेंदुलकर अपनी दुल्हन सानिया को गले लगाते नजर आ रहे हैं, जबकि इस खास मौके पर सचिन तेंदुलकर नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देते दिखाई दे रहे हैं। समारोह में पारंपरिक रस्मों को पूरे रीति-रिवाज के साथ निभाया गया।
बताया जा रहा है कि अर्जुन और सानिया की मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच दोस्ती हुई और समय के साथ यह रिश्ता प्यार में बदल गया। लंबे समय तक एक-दूसरे को जानने के बाद दोनों ने शादी का फैसला लिया।
सानिया चंडोक पेशे से एक एंटरप्रेन्योर हैं। वह Mr Paws Pet Spa & Store नाम के पेट केयर ब्रांड की फाउंडर हैं, जो पालतू जानवरों की ग्रूमिंग और देखभाल से जुड़ी सेवाएं देता है। सानिया ने साल 2020 में London School of Economics से बिजनेस मैनेजमेंट में ग्रेजुएशन किया है। इसके अलावा उन्होंने Worldwide Veterinary Service से वेटरिनरी टेक्नीशियन का डिप्लोमा भी हासिल किया है।
सानिया का परिवार भी बिजनेस जगत में काफी प्रतिष्ठित माना जाता है। उनका परिवार फूड और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में बड़ा कारोबार करता है। घई फैमिली मुंबई के प्रसिद्ध InterContinental Marine Drive होटल से जुड़ी हुई है और मशहूर आइसक्रीम ब्रांड Brooklyn Creamery का भी संचालन करती है।
वहीं 26 वर्षीय अर्जुन तेंदुलकर घरेलू क्रिकेट में अपनी पहचान बना चुके हैं और तीनों फॉर्मेट में खेल चुके हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 24 मैचों में 38.03 की औसत से 52 विकेट हासिल किए हैं। इसके साथ ही उन्होंने निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी करते हुए 20.75 की औसत से 685 रन भी बनाए हैं। अर्जुन के जीवन के इस नए अध्याय की शुरुआत पर क्रिकेट जगत और उनके प्रशंसक सोशल मीडिया के जरिए उन्हें ढेरों शुभकामनाएं दे रहे हैं।
ये भी पढ़ें: मैं बस घर जाना चाहता हूं: ईरान युद्ध में वेस्टइंडीज टीम के फंसने पर हेड कोच डैरेन सैमी

