होम = Breaking = मैरिज हॉल में आपत्तिजनक हालत में 31 नाबालिग समेत 80 लड़के-लड़क‍ियां मिलीं, सभी को कोर्ट में किया गया पेश

मैरिज हॉल में आपत्तिजनक हालत में 31 नाबालिग समेत 80 लड़के-लड़क‍ियां मिलीं, सभी को कोर्ट में किया गया पेश

Bihar News: बिहार के रोहतास जिले के दावथ थाना क्षेत्र में एक मैरिज हॉल पर छापेमारी कर पुलिस ने 31 नाबालिग समेत 80 लड़के-लड़कियों को आपत्तिजनक हालत में मिलने के बाद उन्हें हिरासत में लिया। जहां से सभी को कोर्ट में पेश किया गया। सडीपीओ सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि अलग-अलग धाराओं के तहत पुलिस मामले की जांच कर रही है। ज्यादातर लड़के-लड़कियां ग्रामीण क्षेत्रों के हैं और इनमें कई स्कूल और कॉलेज की छात्राएं भी शामिल हैं।

नाबालिगों की मेडिकल जांच कराई गई

नाबालिग लड़कियों को मेडिकल जांच के बाद बाल कल्याण समिति को सौंप दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है, जिससे किसी संभावित नेटवर्क या अन्य अवैध गतिविधियों का खुलासा किया जा सके। फिलहाल, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और आगे और भी खुलासे होने की संभावना है।

दोषियों पर होगी कार्रवाई

मामले को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और पकड़ी गई छात्राओं के परिजनों ने निंदा की है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।