होम = Breaking = ठुकरा के मेरा प्यार मेरा इंतकाम देखेगी! शादी में चल रहा था वरमाला का कार्यक्रम, पड़ोसी ने दुल्हन का मारी गोली

ठुकरा के मेरा प्यार मेरा इंतकाम देखेगी! शादी में चल रहा था वरमाला का कार्यक्रम, पड़ोसी ने दुल्हन का मारी गोली

बिहार के बक्सर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. एक शादी समारोह में दुल्हन के पड़ोसी ने उसे गोली मार दी। इससे समारोह स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. मौके पर मौजूद लोग दुल्हन को तुरंत अस्पताल लेकर गए। वाणासी में उसका इलाज चल रहा है। हालत नाजुक बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि 18 वर्षीय आरती कुमारी विवाह मंच पर अपने होने वाले पति के साथ बैठी थीं। परिवारजन और रिश्तेदार उन्हें घेरकर पारंपरिक रस्मों में शामिल थे। समारोह के दौरान एक युवती पहले दूल्हे के माथे पर सिंदूर लगाती है। इसके बाद वह दुल्हन की ओर बढ़ती है और वही रस्म निभाने लगती है। इसी बीच भीड़ में खड़ा एक युवक अचानक आगे बढ़ा और आरती पर गोली चला दी।

मंच पर मची अफरा-तफरी

गोली आरती के पेट में, नाभि के आसपास लगी। फायरिंग की आवाज सुनते ही समारोह स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कुछ लोग हमलावर को पकड़ने की कोशिश में इधर-उधर दौड़े, जबकि कई मेहमान जान बचाने के लिए बाहर भाग निकले। मंच पर मौजूद परिजन बदहवासी में आरती को संभालने लगे। घायल आरती को होश में रखने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी हालत तेजी से बिगड़ती दिखी।

घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें नजदीकी सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। देर रात उन्हें एंबुलेंस से वाराणसी भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।

प्रेम प्रसंग की आशंका, आरोपी फरार

पुलिस के मुताबिक, घटना रात करीब 11 बजे की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावर की पहचान दीनबंधु नामक युवक के रूप में हुई है, जो पीड़िता का पड़ोसी बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि मामला कथित प्रेम संबंध से जुड़ा हो सकता है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। पूछताछ के लिए उसके माता-पिता को हिरासत में लिया गया है।

अतिरिक्त थाना अधिकारी चंदन कुमार ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पहले शराब से जुड़े एक मामले में जेल जा चुका है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बारात लौटी बैरंग

इस दर्दनाक घटना का असर शादी समारोह पर भी पड़ा। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से आई बारात कुछ ही समय बाद बिना शादी संपन्न हुए वापस लौट गई। जो रात उत्सव और नई शुरुआत की गवाह बनने वाली थी, वह अब पूरे परिवार के लिए कभी न भूलने वाला सदमा बन गई है।

बंगाल