Jammu Kashmir encounter : जम्मू और कश्मीर में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच एक बार फिर मुठभेड़ शुरू हो गई है। जानकारी के मुताबिक यह मुठभेड़ उस इलाके में हो रही है जहां 22 अप्रैल को हुए पहलगाम नरसंहार में शामिल संदिग्ध आतंकी छिपे हुए थे। सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया है और सर्च ऑपरेशन जारी है। जिले के लिडवास क्षेत्र में सोमवार को सुरक्षा बलों हाथ यह बड़ी सफलता ‘ऑपरेशन महादेव’ के तहत हासिल हुई है जब सेना ने आतंकी संगठन TRF (The Resistance Front) के तीन आतंकियों को मार गिराया.
मुठभेड़ में 3 आतंकी ढेर
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मुठभेड़ में अब तक 3 आतंकियों के मारे जाने की खबर है,हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह वही आतंकी हैं जिन्होंने 22 अप्रैल के हमले में 26 निर्दोष लोगों की हत्या की थी। पूरे इलाके में हाई अलर्ट है और ऑपरेशन जारी है. बता दें कि यह कार्रवाई सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने की.
लिडवास इलाके में आतंकियों की मौजूदगी
जानकारी के अनुसार सुरक्षाबल पहले से ही क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे, जब घने जंगलों वाले लिडवास इलाके में आतंकियों की मौजूदगी का पता चला. इसके बाद मुठभेड़ शुरू हुई, जिसमें तीनों आतंकी मारे गए. सेना की चिनार कॉर्प्स ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि यह ऑपरेशन TRF की हालिया आतंकी गतिविधियों के मद्देनजर अंजाम दिया गया था. मारे गए आतंकियों का संबंध पहलगाम आतंकी हमले से भी बताया जा रहा है. लिडवास श्रीनगर का बाहरी इलाका है, जो पहाड़ी रास्तों से त्राल से जुड़ा है. इस क्षेत्र में पहले भी TRF की गतिविधियों की खबरें सामने आती रही हैं.
सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी
इस बीच श्रीनगर के ही दाछीगाम फॉरेस्ट के ऊपरी हिस्सों में CRPF और जम्मू-कश्मीर पुलिस का एक अन्य संयुक्त सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है. सूत्रों के अनुसार, दो दिन पहले यहां संदिग्ध गतिविधियों का पता चलने के बाद यह ऑपरेशन शुरू किया गया था. सोमवार को सर्च ऑपरेशन के दौरान अचानक फायरिंग शुरू हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया. इसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर कर सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया.
TRF का मुख्य ठिकाना है दाछीगाम का इलाका
दाछीगाम का यह जंगल इलाका पहले से ही TRF का मुख्य ठिकाना माना जाता है. जनवरी 2025 में भी इसी क्षेत्र में TRF का एक अड्डा ध्वस्त किया गया था. हाल ही में इसी संगठन ने LoC के पास हुए लैंड माइन ब्लास्ट की जिम्मेदारी ली थी, जिसमें एक जवान शहीद हुआ था और तीन घायल हो गए थे.
सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि जंगलों में अभी भी TRF के अन्य आतंकी छिपे हो सकते हैं. स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षा ऑपरेशन के चलते घरों में ही रहें और प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहें. इलाके में सुरक्षा बलों की भारी तैनाती है और ऑपरेशन अभी भी जारी है.

