Bihar Chunav 2025 Date: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। सूत्रों के अनुसार चुनाव आयोग अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में तारीखों का ऐलान कर सकता है। संभावना जताई जा रही है कि नवंबर में दो या तीन चरणों में मतदान कराया जाएगा।
त्योहारों के बाद होगी घोषणा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मतगणना 15 से 20 नवंबर के बीच हो सकती है और पूरी चुनावी प्रक्रिया 22 नवंबर से पहले समाप्त कर दी जाएगी। चुनाव आयोग ने एसआईआर के बाद मतदाता सूची का ड्राफ्ट जारी कर दिया है और अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन इसी महीने के अंत तक होना है। माना जा रहा है कि दुर्गा पूजा और दशहरा के बाद चुनाव कार्यक्रम घोषित होगा, जबकि मतदान की तारीखें छठ पूजा के बाद तय की जाएंगी।
पार्टियों ने तेज की तैयारियां
हालांकि आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है, लेकिन राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। एनडीए की ओर से लगातार सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं, इंडिया गठबंधन ने ‘वोटर अधिकार यात्रा’ निकालकर मतदाताओं से जुड़ने की कोशिश शुरू की है। बीते बुधवार (3 सितंबर) को केंद्रीय गृह मंत्री ने दिल्ली में बिहार बीजेपी नेताओं के साथ बैठक कर रणनीति पर चर्चा की।
मतदाताओं की संख्या में कमी
इस बार बिहार में मतदाताओं की संख्या पहले से कम रहने वाली है। पहले राज्य में करीब आठ करोड़ मतदाता थे, लेकिन एसआईआर प्रक्रिया के बाद लाखों नाम हटा दिए गए हैं। इसको लेकर विपक्ष ने सवाल खड़े किए हैं। हालांकि चुनाव आयोग का कहना है कि केवल डुप्लीकेट और मृतकों के नाम ही सूची से हटाए गए हैं।

