Aparna Prateek Yadav Love Story: उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारों में एक बार फिर हलचल मच गई है। समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का इंस्टाग्राम पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इस पोस्ट में प्रतीक यादव ने अपनी पत्नी अपर्णा यादव से तलाक लेने की घोषणा की थी। पोस्ट सामने आते ही राजनीतिक और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
हालांकि, कुछ ही घंटों बाद इस मामले ने नया मोड़ ले लिया। अपर्णा यादव के भाई अमन बिष्ट ने मीडिया और सोशल मीडिया पर बयान देते हुए कहा कि प्रतीक यादव का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक हो गया है और पोस्ट फर्जी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस समय अपर्णा और प्रतीक के बीच किसी कानूनी विवाद की स्थिति नहीं है।
बता दें कि साल 2012 में लव मैरिज करने वाले इस हाई-प्रोफाइल कपल के एक बेटी भी है। तलाक की खबर के बाद एक बार फिर दोनों की प्रेम कहानी चर्चा में आ गई है। आइए जानते हैं कि अपर्णा और प्रतीक की मुलाकात कैसे हुई और उनका रिश्ता कहां से शुरू हुआ।
जानिए शादी से पहले की फिल्मी लव स्टोरी
अपर्णा यादव और प्रतीक यादव की शादी परिवार की सहमति से हुई थी, लेकिन उनकी प्रेम कहानी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही। दोनों एक-दूसरे को स्कूल के दिनों से जानते थे। हालांकि वे लखनऊ के अलग-अलग स्कूलों में पढ़ते थे, लेकिन इंटर-स्कूल कार्यक्रमों के दौरान उनकी मुलाकात होती रहती थी। इस दौरान उनके कुछ कॉमन दोस्तों ने दोनों को करीब लाने में अहम भूमिका निभाई। दोस्ती के इस सफर में बातचीत का सिलसिला धीरे-धीरे गहराता चला गया।
प्रतीक ने ई-मेल में जताया प्यार
शुरुआत में अपर्णा यादव को यह जानकारी नहीं थी कि प्रतीक यादव, समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे हैं। साल 2001 में एक बर्थडे पार्टी के दौरान दोनों की फिर से मुलाकात हुई। उस समय मोबाइल फोन का चलन ज्यादा नहीं था, इसलिए प्रतीक ने अपर्णा से उनकी ई-मेल आईडी मांगी। कुछ दिनों बाद जब अपर्णा ने अपना ई-मेल चेक किया, तो उन्हें प्रतीक की ओर से कई मेल मिले। इन ई-मेल्स में प्रतीक ने अपने दिल की बात रखते हुए अपर्णा के सामने अपने प्यार का इजहार किया था।
11 साल की लव स्टोरी, फिर शादी
स्कूल की दोस्ती और ई-मेल के जरिए शुरू हुआ यह रिश्ता करीब 11 साल तक चला। लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद साल 2012 में दोनों ने परिवार की रजामंदी से शादी कर ली। उस समय यह शादी काफी चर्चा में रही और इसे देश की हाई-प्रोफाइल शादियों में गिना गया। इस शादी समारोह में उद्योगपति अनिल अंबानी से लेकर फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन तक कई नामी हस्तियां शामिल हुई थीं।
अपर्णा यादव और प्रतीक यादव की एक बेटी है, जिसका नाम प्रथमा है। हालांकि अब 13 साल बाद इस रिश्ते में दरार की खबर सामने आई है। प्रतीक यादव ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर बताया कि वह अपर्णा से तलाक लेने जा रहे हैं। अपने पोस्ट में उन्होंने अपर्णा पर कई गंभीर आरोप भी लगाए। उल्लेखनीय है कि प्रतीक यादव, सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई हैं।
प्रतीक ने तलाक की खबर साझा की
सोशल मीडिया पोस्ट में प्रतीक यादव ने लिखा कि वह जल्द ही अपनी पत्नी से कानूनी रूप से अलग होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि अपर्णा ने उनके पारिवारिक रिश्तों को नुकसान पहुंचाया है और उनका मकसद केवल प्रसिद्धि और प्रभाव हासिल करना है। प्रतीक ने यह भी कहा कि वह इस समय मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं, लेकिन इस स्थिति में भी उन्हें अपर्णा का कोई सहयोग नहीं मिला। इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। हालांकि, अब तक अपर्णा यादव की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
अपर्णा यादव मूल रूप से उत्तराखंड की रहने वाली हैं और मुलायम सिंह यादव परिवार की बहू हैं। उन्होंने साल 2017 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान लखनऊ कैंट सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें भाजपा की रीता बहुगुणा जोशी से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद साल 2022 में अपर्णा यादव ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था।
उनकी भाजपा में एंट्री पर अखिलेश यादव ने बयान दिया था कि नेता जी (मुलायम सिंह यादव) ने उन्हें समझाने की कोशिश की थी। वर्तमान समय में अपर्णा यादव उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी निभा रही हैं।
ये भी पढ़ें: तलाक का पोस्ट, हैकिंग का दावा और सियासी हलचल, प्रतीक-अपर्णा यादव विवाद में नया मोड़!
