होम = News Featured = कपूरथला जेल में बवाल, कैदियों का हिंसक हंगामा, बैरक की दीवारें तोड़ीं; आगजनी की कोशिश

कपूरथला जेल में बवाल, कैदियों का हिंसक हंगामा, बैरक की दीवारें तोड़ीं; आगजनी की कोशिश

Kapurthala Jail Violence: पंजाब की कपूरथला जेल में शनिवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जेल परिसर अचानक हिंसा और बवाल का केंद्र बन गया। बताया जा रहा है कि एक मामूली कहासुनी ने धीरे-धीरे बड़ा रूप ले लिया और कैदियों व विचाराधीन कैदियों के बीच तनाव इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक झड़प में बदल गया। स्थिति बिगड़ने पर कैदियों ने जेल की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बैरक नंबर 4 में कैदियों ने मचाया उत्पात

जानकारी के अनुसार, हिंसा पर उतारू कैदियों ने बैरक नंबर-4 की दीवारों को तोड़कर जेल परिसर में जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान उन्होंने जेल के एक हिस्से में आग लगाने की भी कोशिश की, जिससे हालात और ज्यादा गंभीर हो गए। अचानक भड़की इस हिंसा से जेल प्रशासन और तैनात पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। स्थिति को काबू में करने के लिए सुरक्षा बलों ने तुरंत कार्रवाई शुरू की, लेकिन बताया जा रहा है कि इस दौरान कुछ कैदियों ने पुलिस और जेल कर्मियों पर भी हमला करने की कोशिश की।

पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कैदियों पर पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल को तुरंत जेल परिसर में तैनात किया गया। पुलिस टीम की कड़ी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया जा सका। हालांकि इस पूरी घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इस दौरान घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें कैदी जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते नजर आ रहे हैं। कैदियों का दावा है कि हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने उन पर गोलियां चलाईं, हालांकि प्रशासन की ओर से इस दावे की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

झड़प में कई लोग हुए हैं घायल

इस घटना के बाद जेल परिसर के बाहर 5-6 एंबुलेंस की मौजूदगी भी देखी गई, जिससे आशंका जताई जा रही है कि झड़प के दौरान कई लोग घायल हुए हो सकते हैं। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन पूरे मामले की गहन जांच में जुटे हुए हैं और हिंसा के पीछे की असली वजह के साथ-साथ इसमें शामिल कैदियों की पहचान की जा रही है। घटना के बाद जेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।