होम = Cover Story Top = बिहार: मोकामा में सोनू–मोनू गैंग का आतंक जारी, अनंत सिंह समर्थक पर फायरिंग से सनसनी

बिहार: मोकामा में सोनू–मोनू गैंग का आतंक जारी, अनंत सिंह समर्थक पर फायरिंग से सनसनी

Bihar Firing News: बिहार के पटना जिले से सटे मोकामा इलाके में एक बार फिर अपराधियों का तांडव देखने को मिला है। यहां के स्थानीय पैक्स (PACS) अध्यक्ष मुकेश सिंह पर कुख्यात सोनू-मोनू गैंग के गुर्गों ने जानलेवा हमला कर दिया। अपराधियों ने मुकेश सिंह को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। मुकेश सिंह, अनंत सिंह के समर्थक माने जाते हैं।

घटना से कानून व्यवस्था पर उठे सवाल

शुरुआती जांच और स्थानीय सूत्रों के आधार पर इस हमले के पीछे कुख्यात सोनू–मोनू गैंग का नाम सामने आ रहा है। पुलिस को आशंका है कि यह वारदात इलाके में वर्चस्व की लड़ाई, पुरानी रंजिश या फिर किसी चुनावी/व्यापारिक विवाद का नतीजा हो सकती है। मोकामा और आसपास के क्षेत्रों में इस गैंग का खौफ पहले भी देखा जा चुका है, और अब इस नई घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस ने मौके से कारतूस के खोखे किए बरामद

वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। घटनास्थल से पुलिस ने कारतूस के खोखे बरामद किए हैं और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान जल्द से जल्द की जा सके।