White House Attack: अमेरिका के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले वाइट हाउस के बाहर एक बार फिर गोलियों की आवाज गूंज उठी। रविवार को वाइट हाउस के सिक्योरिटी चेकपॉइंट के पास नसिरे बेस्ट नाम के युवक ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद सीक्रेट सर्विस ने जवाबी कार्रवाई में उसे मार गिराया। घटना के वक्त राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप हाउस में मौजूद थे। इस घटना ने एक बार फिर अमेरिकी सुरक्षा व्यवस्था और ट्रंप की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कौन था हमलार नासिर?
व्हाइट हाउस के बाहर फायरिंग करने वाला 21 वर्षीय नासिर बेस्ट मैरीलैंड का रहने वाला था। अमेरिकी जांच एजेंसियों के मुताबिक, वह पहले भी कई बार व्हाइट हाउस के प्रतिबंधित इलाके में घुसने की कोशिश कर चुका था और सीक्रेट सर्विस उसे पहले भी गिरफ्तार कर चुकी थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नासिर गंभीर मानसिक समस्याओं से जूझ रहा था और खुद को “जीसस क्राइस्ट” यानी ईसा मसीह समझने लगा था। अधिकारियों का मानना है कि मानसिक अस्थिरता और व्हाइट हाउस को लेकर उसका जुनून इस हमले की बड़ी वजह हो सकता है।
वाइट हाउस हमले पर ट्रंप ने क्या कहा?
घटना के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीक्रेट सर्विस की मुस्तैदी की वजह से हालात ज्यादा नहीं बिगड़े और समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। ट्रंप ने इस घटना को “देश की सबसे अहम और खास इमारत के प्रति जुनून” से जुड़ा मामला बताया। उनका कहना था कि वाइट हाउस जैसी जगह लोगों के अंदर अलग तरह की मानसिकता और आकर्षण पैदा करती है, जो कभी-कभी खतरनाक रूप ले लेता है। ट्रंप ने यह भी कहा कि ऐसी घटनाओं को हल्के में नहीं लिया जा सकता और वाइट हाउस की सुरक्षा को लगातार मजबूत बनाए रखने की जरूरत है।
ट्रंप के दौर में कब-कब हुए हमले और सुरक्षा चूक?
डोनाल्ज के राजनीतिक सफर के दौरान कई बार जानलेवा हमले और सुरक्षा चूक सामने आ चुकी हैं।
- 13 जुलाई 2024, बटलर (पेंसिल्वेनिया): चुनावी रैली के दौरान थॉमस क्रूक्स नाम के हमलावर ने एआर-15 राइफल से फायरिंग की थी। ट्रंप बाल-बाल बचे और गोली उनके कान को छूते हुए निकल गई।
- 22 फरवरी 2026, मार-ए-लागो (फ्लोरिडा): एक हथियारबंद व्यक्ति ट्रंप के रिसॉर्ट की सुरक्षा तोड़कर अंदर घुस गया, जिसे सीक्रेट सर्विस ने मौके पर मार गिराया।
- अप्रैल 2026, वाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर: कोल टॉमस एलन नाम का युवक हथियारों के साथ गाला डिनर के बेहद करीब पहुंच गया था। एजेंट्स ने समय रहते उसे पकड़ लिया।
- 24 मई 2026, वाइट हाउस चेकपॉइंट फायरिंग: नसिरे बेस्ट ने व्हाइट हाउस के बाहर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसके बाद उसे मार गिराया गया।
क्या अमेरिका का गन कल्चर बन रहा है सबसे बड़ा खतरा?
अमेरिका में बढ़ता ‘गन कल्चर’ अब देश की सबसे बड़ी आंतरिक सुरक्षा चुनौतियों में गिना जा रहा है। यहां आम नागरिकों के लिए हथियार रखना कानूनी अधिकार माना जाता है, लेकिन लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं ने इस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिलचस्प बात यह है कि डोनाल्ड ट्रंप खुद लंबे समय से हथियार रखने के अधिकार के समर्थक रहे हैं। साल 1999 में ‘Larry King Live’ शो में उन्होंने कहा था कि अगर बंदूक रखने पर प्रतिबंध लगाया गया, तो केवल कानून मानने वाले लोग ही हथियार छोड़ेंगे, अपराधी नहीं। लेकिन अब हालात ऐसे हैं कि अमेरिका में गन कल्चर की यही खुली छूट खुद ट्रंप और उनके परिवार की सुरक्षा के लिए खतरा बनती नजर आ रही है।
ये भी पढ़ें: व्हाइट हाउस के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, घटना के वक्त परिसर में मौजूद थे ट्रंप; इलाके में हाई अलर्ट

