Operation Sindhu: ईरान और इजरायल में चल रहे संघर्ष के बीच भारत सरकार ऑपरेशन सिंधु के तहत भारतीय छात्रों को वहां से लेकर आ रही है। शुक्रवार देर रात 290 लोग भारत लौटे। इनमें ज्यादातर कश्मीरी छात्र थे। इसके अलावा कुछ लोग दिल्ली, हरियाणा, पश्चिम बंगाल और कर्नाटक के रहने वाले थे। वतन वापसी पर लोग भावुक दिखे।
मोदी सरकार को कहा शुक्रिया
ईरान से दिल्ली पहुंचने के बाद यात्रियों ने एयरपोर्ट पर वंदे मातरम् और भारत माता की जय के नारे लगाए। कुछ लोगों की आंखों से आंसू गिरने लगे। कुछ लोग जमीन पर माथा टेककर शुक्रिया अदा कर रहे थे। छात्रों का कहना है कि हमें यहां आकर सुकून मिल रहा है। अपनी भारत मां का हम सजदा करते हैं। भारत सरकार ने हमारी बहुत मदद की है। हम भारत से प्यार करते हैं। हमें ईरान में कोई समस्या नहीं हुई क्योंकि हमारा दूतावास हमारे साथ था।
#WATCH दिल्ली: ईरान से भारत लौटे ज़फ़र अब्बास नक़वी ने बताया, "…जब हमले होने लगे तब हमने हमने भारत सरकार से संपर्क किया। कार्रवाई इतनी तेज़ी से हुई कि हम शब्दों में अपना आभार व्यक्त नहीं कर सकते। प्रधानमंत्री मोदी और उत्तर प्रदेश CM योगी आदित्यनाथ को बहुत बहुत धन्यवाद देता हूं… pic.twitter.com/sqZiCGgwKO
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 21, 2025
ईरान ने खोला एयरस्पेस
विदेश मंत्रालय का कहना है कि ऑपरेशन सिंधु के तहत अब तक 517 भारतीय नागरिक देश लौट चुके हैं। शुक्रवार देर रात दो जत्थे में 407 छात्र भारत लौटे हैं। इससे पहले 19 जून को 110 छात्र आर्मेनिया और दोहा होते हुए नई दिल्ली पहुंचे थे। इधर ईरान ने अपना एयरस्पेस भारत के लिए खोल दिया है। इसके बाद सरकार यहां से 1000 भारतीयों को निकालने वाली है। इसमें ज्यादातर छात्र हैं। ईरानी एयरलाइन तीन चार्टर फ्लाइट चलाएगी। इसकी व्यवस्था भारत सरकार की तरफ से की गई है।