मुंबई/नई दिल्ली। पिछले साल के आखिर में हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में करारी हार झेलनी वाली कांग्रेस को लगातार झटके मिलना जारी हैं। एक के बाद एक नेता कांग्रेस छोड़कर दूसरों दलों में शामिल हो रहे हैं। इस बीच सांगली में वसंतदादा पाटिल के परिवार के कई लोगों ने कांग्रेस को अलविदा कह दिया है।
कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री और सांगली जिला केंद्रीय सहकारी बैंक की उपाध्यक्ष जयश्री पाटिल बुधवार को भाजपा में शामिल हो गईं। बताया जा रहा है कि जयश्री को पार्टी में शामिल कराकर बीजेपी ने कांग्रेस के गढ़ सांगली में सेंध लगाने की कोशिश की है।
जयश्री पाटिल कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे मदन पाटिल की पत्नी हैं। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने बुधवार की सुबह जयश्री पाटिल से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की थी। इसके बाद जयश्री पाटिल दोपहर में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले और अन्य नेताओं की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुईं।
विधानसभा चुनाव में नहीं मिला था टिकट
जयश्री पाटिल को 7 महीने पहले हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने टिकट नहीं दिया था, जिसके बाद उन्होंने बगावत करते हुए निर्दलीय पर्चा भरा था। हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। चुनाव के बाद कांग्रेस ने जयश्री को निलंबित कर दिया था। इसके बाद अब उन्होंने भाजपा में शामिल होने का फैसला किया है।