Assam News : असम में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सुबह मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा से फोन पर बात की। PM ने राज्य को हर तरह की मदद देने का वादा किया है। पीएम ने असम में बाढ़ और भारी बारिश को देखते हुए चिंता व्यक्त की है।
छह राहत शिविरों का किया दौरा
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व ने सिलचर के बाढ़ वाले इलाकों का दौरा किया और बताया कि बराक घाटी की बाढ़ अब काबू में है। अच्छी बात यह है कि कछार में कोई बांध नहीं टूटा है। CM ने छह राहत शिविरों का दौरा किया जिनमें सरकारी स्कूल, केंद्रीय विद्यालय और शिशु मंदिर शामिल हैं। बाढ़ पीड़ितों से मिलकर उन्होंने उनकी परेशानियां सुनीं और अधिकारियों को जरूरी सुविधाएं देने के आदेश दिए।
मौसम विभाग की चेतावनी
इधर मौसम विभाग ने आज के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। दीमा-हसाओ, कछार, हैलाकांदी और श्रीभूमि जिलों में बहुत तेज बारिश, आंधी-तूफान और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी दी गई है। धुबरी, गोलपारा, कोकराझार और पश्चिम कार्बी-आंगलांग में भी भारी बारिश और 30-40 किमी की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। दक्षिण सलमारा, लखीमपुर, धेमाजी जिलों में अलग-अलग स्थानों पर तूफान, बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं की संभावना है।
1 करोड़ 14 लाख की होगी मदद
जिला कलेक्टर दफ्तर में हुई बैठक में व्यापारियों और संगठनों ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 1 करोड़ 14 लाख रुपये दिए। यह पैसा बाढ़ से परेशान लोगों की मदद में इस्तेमाल होगा। सरकारी अधिकारियों को ई-मेल से पूरी जानकारी भेजी गई है। प्रधानमंत्री की मदद और मुख्यमंत्री की तुरंत कार्रवाई से बाढ़ पीड़ितों में उम्मीद जगी है।