होम = Breaking = अब बदल जाएगा क्रिकेट का खेल! ICC लाने जा रही है टेस्ट, ODI और T20 में बड़े नए नियम

अब बदल जाएगा क्रिकेट का खेल! ICC लाने जा रही है टेस्ट, ODI और T20 में बड़े नए नियम

ICC Test cricket changes: क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। आईसीसी क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में बड़े बदलाव करने की तैयारी कर रही है। सबसे बड़ा बदलाव टेस्ट क्रिकेट में देखने को मिल सकता है, जहां खराब रोशनी के दौरान लाल गेंद की जगह गुलाबी गेंद से खेल कराने का प्रस्ताव रखा गया है।

टेस्ट क्रिकेट में दिख सकती है गुलाबी गेंद

ICC टेस्ट क्रिकेट में बड़ा बदलाव करने की तैयारी कर रही है। प्रस्ताव के मुताबिक, दिन के समय खेले जा रहे टेस्ट मैचों में अगर खराब रोशनी की वजह से खेल रोकने की नौबत आती है, तो लाल गेंद की जगह कुछ समय के लिए गुलाबी गेंद का इस्तेमाल किया जा सकता है। फ्लडलाइट्स में लाल गेंद साफ दिखाई नहीं देती, इसलिए यह बदलाव खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों के लिए मददगार माना जा रहा है। हालांकि, इसके लिए दोनों टीमों के कप्तानों की सहमति जरूरी होगी। यह नियम सिर्फ उन्हीं स्टेडियमों में लागू हो सकता है जहां पहले से फ्लडलाइट्स मौजूद हैं। इन प्रस्तावों पर 30 मई को अहमदाबाद में होने वाली ICC बोर्ड बैठक में चर्चा की जाएगी।

वनडे और टी-20 में भी बदल सकते हैं नियम

ICC सीमित ओवरों के क्रिकेट में भी कई बदलावों पर विचार कर रही है। वनडे मैचों में अब हेड कोच को ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान मैदान पर जाकर खिलाड़ियों से बातचीत करने की अनुमति मिल सकती है। वहीं टी-20 इंटरनेशनल मैचों में दोनों पारियों के बीच का ब्रेक 20 मिनट से घटाकर 15 मिनट करने का प्रस्ताव है, ताकि मैच जल्दी खत्म हो सकें और ब्रॉडकास्ट शेड्यूल आसान बने। इसके अलावा संदिग्ध गेंदबाजी एक्शन पर नजर रखने के लिए ऑन-फील्ड अंपायरों को हॉकआई तकनीक देने पर भी विचार हो रहा है। मंजूरी मिलने पर ये नए नियम 1 अक्टूबर से लागू किए जा सकते हैं।

Tags : CRICKET ICC